Site icon Dainik Savera Times

सुपर सीडर से खेत में ही पराली संभालकर करवाई गेहूं की सीधी बिजाई

Super Seeder Promotes Stubble-Free Wheat Sowing : अमृतसर। जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक कर रहा है। इसी कड़ी में गांव भैणी गिल्लां में किसान के खेत में सुपर सीडर मशीन से गेहूं की बिजाई करवाकर पराली प्रबंधन का संदेश दिया गया।

इसी कड़ी के तहत कृषि विस्तार अधिकारी मनदीप सिंह खुल्लर के प्रयासों से सर्कल मूधल के गांव भैणी गिल्लां में किसान काबल सिंह के खेत में सुपर सीडर मशीन की सहायता से गेहूं की बिजाई करवाई गई। इस पहल के माध्यम से किसानों को फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करने तथा पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर कृषि विस्तार अधिकारी मनदीप सिंह खुल्लर ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि सुपर सीडर एक आधुनिक कृषि मशीन है, जिसकी सहायता से धान की पराली को खेत में ही संभालकर गेहूं की सीधी बिजाई की जा सकती है।

इस तकनीक को अपनाने से पराली को आग लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, जिससे वायु प्रदूषण कम करने के साथ-साथ मिट्टी की उपजाऊ शक्ति को बनाए रखने में भी मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि किसान कंबाइन से धान की कटाई के बाद सुपर सीडर का उपयोग करके खेत में मौजूद पराली का उचित प्रबंधन करते हुए समय पर गेहूं की बिजाई कर सकते हैं। इससे पराली जलाने की समस्या से छुटकारा मिलता है और पर्यावरण को स्वच्छ रखने में भी सहायता मिलती है।

अंत में कृषि विभाग की ओर से सभी किसानों से अपील की गई कि वे सुपर सीडर सहित अन्य आधुनिक कृषि मशीनों का अधिक से अधिक उपयोग करें और धान की पराली को आग लगाने की बजाय खेतों में ही उसका उचित प्रबंधन करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण और आने वाली पीढ़ियों को प्रदूषण मुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए किसानों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।

Exit mobile version