Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

Supreme Court ने BJP के मंसूबों पर पानी फेरा: Sunny Ahluwalia

चंडीगढ़/जालंधर: चंडीगढ़ मेयर चुनाव पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का आम आदमी पार्टी (आप) ने स्वागत किया है। पार्टी ने अपने उम्मीदवार कुलदीप कुमार को मेयर घोषित करने वाला यह ऐतिहासिक फैसला देने के लिए सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद किया और कहा कि इस फैसले से सही मायने में लोकतंत्र की जीत हुई है। मंगलवार को चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में ‘आप’ चंडीगढ़ के सह-प्रभारी डॉ. सनी आहलूवालिया ने चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की और ‘आप’ के नए मेयर कुलदीप कुमार के साथ एक साझा प्रैस कांफ्रैंस की।

मीडिया को संबोधित करते हुए डॉ. आहलूवालिया ने कहा कि चंडीगढ़ में अपना मेयर बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने कोई भी तिकड़म नहीं छोड़ा। उन्होंने हर हथकंडे अपना लिए, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उनके गलत मंसूबे पर पानी फेर दिया। अहलूवालिया ने भाजपा की पूर्व मेयर आशा जायसवाल पर पार्षद खरीदने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आशा जायसवाल ने हमारे पार्षद दमनप्रीत सिंह को खरीदने की कोशिश की।

आहलूवालिया ने मीडिया को वह वीडियो भी दिखाई जिसमें आशा जायसवाल दमनप्रीत को भाजपा में आने के लिए आर्थिक प्रलोभन दे रही थी। आहलूवालिया ने कहा कि आशा जायसवाल ने अपने बेटे से भी दमनप्रीत सिंह की बात करवाई और कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता से उनकी मुलाकात करवाएंगे।

आज सुप्रीम कोर्ट ने साबित कर दिया कि जीत अंतत : सत्य की ही होती है: एचएस लक्की
मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस चंडीगढ़ अध्यक्ष एच एस लक्की ने भी सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद किया और कहा कि आज सुप्रीम कोर्ट ने साबित कर दिया कि जीत अंतत: सत्य की ही होती है। आज लोकतंत्र की जीत हुई है।

उन्होंने कहा कि हमने आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर हर मोर्चे पर मेयर चुनाव में हुई धांधली के खिलाफ संघर्ष किया। आज हमारा संघर्ष सफल हुआ है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से लोकतंत्र में आस्था रखने वाले देश-विदेश में बसे सभी भारतीयों को खुशी मिली है।

Exit mobile version