करनाल/घरौंडा: करनाल के बसंत विहार निवासी 17 वर्षीय युवक की रूस में मौत हो गई। युवक टूरिस्ट वीजा पर 16 मार्च को विदेश गया था। परिवार को उसकी मौत की सूचना वॉट्सऐप ग्रुप के माध्यम से मिली। बताया जा रहा है कि युवक की गिरने से मौत हुई है, लेकिन परिजन इसे संदिग्ध मान रहे हैं और पूरे मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए परिवार ने शासन और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
शनिवार आखिरी बार हुई थी बात
मृतक की पहचान बसंत विहार निवासी देव पुंडीर के रूप में हुई है। उसकी बहन ने बताया कि शनिवार को आखिरी बार भाई से बात हुई थी। उस समय वह बिल्कुल ठीक था और उसने कहा था कि वह सोने जा रहा है। इसके बाद रात में अचानक वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए मौत की खबर मिली, जिससे परिवार सदमे में है।
परिवार ने जताई अनहोनी की आशंका
देव पुंडीर की मां का कहना है कि उनके बेटे के साथ वहां कोई अनहोनी हुई है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले की गहराई से जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। परिवार लगातार इस घटना को लेकर चिंता और शंका जता रहा है।

