बठिंडा : बठिंडा-डबवाली नैशनल हाईवे पर गांव डूमवाली के पास बीती आधी रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्राला चालक की मौत हो गई। हादसे को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर एक प्राइवेट कार में सवार होकर पहुंचे तीन वर्दीधारियों ने जांच के नाम पर सड़क किनारे ट्रकों को रुकवा रखा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा कोयले से भरा एक तेज रफ्तार ट्राला आगे खड़े ट्रक से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राले का कैबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह है कि हादसे के बाद ट्रकों को रुकवाने वाले तीनों वर्दीधारी अपनी प्राइवेट कार लेकर मौके से चले गए। इस घटना के बाद यह सवाल उठने लगा है कि आखिर आधी रात को हाईवे पर ट्रकों की जांच करने वाले ये लोग कौन थे और हादसे के बाद मौके से क्यों चले गए?
राजस्थान से कोयला लेकर नकोदर जा रहा था चालक
मृतक की पहचान बब्बर सिंह पुत्र देवी सिंह निवासी गांव चानी, तहसील कोलायत, जिला बीकानेर (राजस्थान) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बब्बर सिंह राजस्थान से अपने ट्राले में कोयला लोड करके पंजाब के नकोदर जा रहा था। जब उनका ट्राला गांव डूमवाली के नजदीक पहुंचा तो वहां पहले से ही तीन वर्दीधारी एक प्राइवेट कार के साथ मौजूद थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने जांच के नाम पर हाईवे पर तीन ट्रकों को रुकवा रखा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब बब्बर सिंह का ट्राला वहां पहुंचा तो वर्दीधारियों ने उसे भी रुकने का इशारा किया। आगे सड़क पर खड़े ट्रकों को देखकर चालक ने अचानक ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन ट्राला तेज गति में होने और भारी लोड के कारण समय रहते नहीं रुक सका। देखते ही देखते ट्राला आगे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। हादसे के कारण ट्राले का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
असली पुलिसकर्मी थे या वर्दी की आड़ में कोई गिरोह?
इस हादसे ने हाईवे पर वाहनों की जांच के तरीके और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि ट्रकों को रोकने वाले लोग पुलिसकर्मी थे तो वे सरकारी वाहन के बजाय प्राइवेट कार में क्यों पहुंचे थे? क्या उनके पास हाईवे पर नाकाबंदी करने की आधिकारिक अनुमति थी? क्या मौके पर कोई बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर या चेतावनी संकेत लगाए गए थे? इसके अलावा हादसे के बाद उनका मौके से चले जाना भी संदेह पैदा कर रहा है।
आशंका जताई जा रही है कि कहीं कुछ लोग पुलिस की वर्दी का इस्तेमाल करके ट्रक चालकों को रोककर अवैध वसूली या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को अंजाम तो नहीं दे रहे थे। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मौके पर मौजूद तीनों लोग असली पुलिसकर्मी थे या किसी अन्य गिरोह से संबंधित थे। इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

