Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

सीमा के पास खेतों से संदिग्ध पैकेट बरामद, 500 ग्राम हैरोइन मिलने की सूचना

September 24, 2026

सीमा के पास खेतों से संदिग्ध पैकेट बरामद, 500 ग्राम हैरोइन मिलने की सूचना

नरोट मैहरा : भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक गांव पहाड़ीपुर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान को अपने खेतों में एक संदिग्ध पैकेट पड़ा हुआ मिला। किसान ने बिना किसी देरी के इसकी सूचना सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों को दी और संदिग्ध पैकेट उनके हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा संदिग्ध पैकेट की जांच की गई, जिसमें करीब 500 ग्राम हैरोइन बरामद होने की जानकारी सामने आई।

बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है, कि गांव पहाड़ीपुर में जिस स्थान से यह संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ है, वह भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा से करीब 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। प्रारंभिक जांच के दौरान आशंका जताई जा रही है, कि नशीले पदार्थ का यह पैकेट ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान की ओर से भारतीय क्षेत्र में गिराया गया हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पंजाब पुलिस ने बरामद पैकेट को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं, कि यह पैकेट यहां तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थो की तस्करी के लिए ड्रोन के इस्तेमाल की आशंकाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां इस मामले को महत्वपूर्ण मानकर जांच कर रही हैं।

पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों द्वारा आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध पैकेट को यहां कब और किस माध्यम से पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस द्वारा बरामद हैरोइन की पुष्टि, पैकेट के स्रोत और इसके पीछे जुड़े लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें