Last Updated: November 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

तरनतारन में बड़ा हादसा: मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की बसों की भीषण टक्कर, 4 की मौत, कई घायल

November 14, 2026

तरनतारन में बड़ा हादसा: मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की बसों की भीषण टक्कर, 4 की मौत, कई घायल

तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नौशहरा पन्नूआं के पास जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा से जुड़ी दो बसों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

श्रद्धालुओं को अमृतसर लेकर जा रही थीं बस

जानकारी के अनुसार, दोनों बसें फिरोजपुर से श्रद्धालुओं को श्री हरिमंदिर साहिब, अमृतसर में माथा टेकने के लिए लेकर जा रही थीं। जब बसें राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौशहरा पन्नूआं के पास पहुंचीं तो डिवाइडर के बीच से गुजर रहे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में आगे चल रही बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी तीर्थ यात्रा बस उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर धमाके जैसी आवाज सुनाई दी।

यात्रियों में मची चीख-पुकार

दोनों बसों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बसों में सवार कई यात्री घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। सिविल सर्जन डॉ. संदीप धवन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आपातकाल घोषित कर दिया और सभी एंबुलेंस को घटनास्थल पर भेजने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अस्पताल के डॉक्टरों को भी इमरजेंसी वार्ड में बुला लिया गया, ताकि घायलों को तुरंत उपचार उपलब्ध करवाया जा सके।

ट्रैफिक जाम के कारण फंसी तीन एंबुलेंस

घायलों को नौशहरा पन्नूआं से अस्पताल पहुंचाने के दौरान रास्ते में ट्रैफिक जाम के कारण तीन एंबुलेंस भी फंस गईं, जिससे राहत कार्य में परेशानी आई। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मृतकों के शरीर पर गंभीर चोटें आईं।

हादसे के कारणों की जा रही जांचः एसएसपी

हादसे को लेकर एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। पुलिस और अन्य राहत टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें