Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमृतसर ब्लास्ट पर तरुण चुघ ने मान सरकार को जमकर कोसा, एनआईए जांच की मांग

May 28, 2025

अमृतसर ब्लास्ट पर तरुण चुघ ने मान सरकार को जमकर कोसा, एनआईए जांच की मांग

Tarun Chugh: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्नी तरुण चुघ ने पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने में नाकाम भगवंत मान सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अमृतसर के मजीठा रोड बाइपास पर हुए बम धमाके, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए चुघ ने कहा कि यह हादसा नहीं, पंजाब की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और आतंकियों को खुली छूट का नतीजा है।

उन्होंने इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजैंसी (एनआईए) से करवाने की मांग की। चुघ ने कहा कि यह घटना पहली नहीं है। इससे पहले भी पुलिस थानों और धार्मिक स्थलों पर ग्रेनेड हमले हो चुके हैं, लेकिन आप सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने जालंधर में वरिष्ठ भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर हुए ग्रेनेड हमले को याद दिलाते हुए कहा कि पंजाब में आतंकवादी गतिविधियां लगातार पैर पसार रही हैं, मानो सरकार स्वयं इन देशविरोधी तत्वों के साथ मिली हुई हो।

अमृतसर ब्लास्ट में मृतक की पहचान नितिन पुत्र राकेश कुमार निवासी विकास नगर खंडवाला छेहर्टा के रूप में हुई है। डीआईजी बार्डर रेंज सतिदर सिंह और एसएसपी अमृतसर देहाती मनिंदर सिंह का कहना है कि जांच में सामने आया है कि धमाके के पीछे आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनैशनल का हाथ है। अगर यह हैंड ग्रेनेड मौके पर ही न फटता तो इससे किसी पुलिस थाने, चौकी या किसी प्रमुख व्यक्ति को निशाना बनाया जाना था। धमाके वाली जगह अमृतसर देहाती के थाना कंबो के अंतर्गत आती थी।

पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर मामले की जांच शुरू कर दी। यह घटना ग्रेनेड हमलों के बाद खालिस्तान समर्थक चरमपंथी संगठनों के कई सदस्यों की गिरफ्तारी की पृष्ठभूमि में हुई है। पुलिस को संदेह है कि पाकिस्तान समर्थित आतंकवादी संगठन इस सीमावर्ती राज्य में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। फोरैंसिक टीम यह पता लगा रही है कि यह आईईडी विस्फोट था या ग्रेनेड विस्फोट।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें