खन्ना : पंजाब के कैबिनेट मंत्री एवं विधानसभा हल्का खन्ना से विधायक तरुणप्रीत सिंह सौंद ने आंगनवाड़ी वर्करों के साथ दीपावली का पावन त्योहार हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने सभी आंगनवाड़ी वर्करों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मंत्री सौंद ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सम्मान और खुशियां बांटने का संदेश देने वाला पर्व है।
आंगनवाड़ी वर्कर समाज में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और महिलाओं के कल्याण के लिए उनका योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी वर्करों की मेहनत और समर्पण से समाज की मजबूत नींव तैयार होती है। उनके योगदान को सम्मान देना और उनका उत्साह बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस मौके पर सीडीपीओ हरजीत कौर सहित अन्य गणमान्य सदस्य एवं आंगनवाड़ी वर्कर उपस्थित रहीं।

