Site icon Dainik Savera Times

पेंट से भरी टाटा-407 ट्रांसफार्मर से टकराई, सी.एन.जी. किट लीक होने से लगी आग, डरकर घरों से बाहर भागे लोग

लुधियाना: टिब्बा रोड के इकबाल नगर में शनिवार शाम पेंट से भरे टाटा-407 (Tata-407) की टक्कर ने लोगों के जहन में कुछ दिन पहले होशियारपुर में एल.पी.जी. सिलैंडरों से भरे ट्रक और बोलैरो की टक्कर में हुए भीषण हादसे की याद ताजा कर दी। टक्कर के बाद टाटा-407 में लगी सी.एन.जी. किट लीक हो गई और ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारियों के कारण आग फैल गई। हादसे के बाद फंसे टाटा-407 के चालक को लोगों ने किसी तरह बाहर निकाला। आग की लपटें ऐसी थी कि उसने एक घर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की भयावकता का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि गली में रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकल गए। लोगों का आरोप है कि कई बार फोन करने के बाद भी तकरीबन पौने घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग से एक घर का सारा फर्नीचर और सामान जल गया, जबकि टाटा-407 के चालक को मामूली चोटें आई। उधर, सूचना मिलने पर विधायक दलजीत ग्रेेवाल और पार्षद अश्विनी कुमार गोबी भी मौके पर पहुंचे।

यह हादसा टिब्बा रोड के इकबाल नगर की गली नंबर 7 में हुआ। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि वहां गली में ही रहने वाला गोगी अपनी टाटा-407 लेकर आया। गाड़ी में पेंट भरा हुआ था। गोगी अपनी रफ्तार पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सीधे वहां लगे बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकराई। गाड़ी के टकराते ही ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकली और टाटा-407 में लगी सी.एन.जी. किट लीक हो गई। चिंगारियों के संपर्क में आते ही सी.एन.जी. ने आग पकड़ ली। गोगी गाड़ी से बाहर नहीं निकल पा रहा था और आग बढ़ती जा रही थी। लोगों ने तुरंत किसी तरह उसे बाहर निकाला। इसके बाद देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई और आग वहां नजदीक ही एक घर तक फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंजर पूरी तरह से डरावना था। आग फैलती जा रही थी। वहां रहने वाले लोग भी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल गए। लोगों का आरोप है कि उन्होंने फायर ब्रिगेड को कई फोन किए लेकिन फायर ब्रिगेड काफी लेट आई। इससे वहां सामने ही रहने वाले मदन मिश्र के घर की पूरी डाउन सिलिंग और फर्नीचर जल गया। मदन मिश्र का कहना है कि उनका फर्नीचर व अन्य सामान जल गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले लोगों ने फोन कर इलाके की बिजली कटवा दी थी। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने आकर आग पर काबू पाया। हादसे का पत चलते ही विधायक दलजीत ग्रेवाल भोला मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की। भोला ने तुरंत वहां पर बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाया। दलजीत ग्रेवाल भोला ने बताया कि बिजली की एक लाइन चालू करवा दी गईहै, जबकि अधिकारियों को तुरंत नया ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए कह दिया गया है। चंद घंटों में ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली बहाल की जाएगी।

Exit mobile version