जालंधर : शनिवार बाइक सवार टैक्सी चालक को आधा दर्जन लुटेरे शिव नगर नागरा में घेराबंदी के बाद घायल कर 2500 की नकदी लूट ले गए। थाना एक की पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ड्राइवर गुरनाम सिंह उर्फ सतनाम सिंह निवासी शिव नगर नागरा ने बताया कि वह सुबह करीब पौने चार बजे मकसूदां चौक स्थित अपने टैक्सी स्टैंड की ओर जा रहा था।
उसे जालंधर से अपनी गाड़ी लेकर अमृतसर के लिए निकलना था। ऐसे में वह अपने घर से बाइक पर सवार होकर टैक्सी स्टैंड पर जाने के लिए निकला था मगर जैसे ही वह शिव नगर नागरा फाटक के नजदीक पहुंचा तो घात लगाए बैठे कुछ हथियारबंद युवकों ने उसे घेर लिया। लुटेरों ने उसे रोकते ही उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। लुटेरों ने उसकी जेब से 2500 रुपए की नकदी लूट ली। गुरनाम सिंह ने बताया कि हमलावर उसका मोटरसाइकिल भी छीनने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी।
अपनी जान बचाने के लिए गुरनाम सिंह ने शोर मचाना शुरू कर दिया और आसपास के घरों के दरवाजे व गेट खटखटाने लगा। शोर सुनकर जब लोग घरों से बाहर निकलने लगे, तो पकड़े जाने के डर से हथियारबंद लुटेरे मौके से फरार हो गए।

