Site icon Dainik Savera Times

मकान मालकिन की हत्या करने वाले किराएदारों की दिल्ली से गिरफ्तारी, गला काटकर की थी हत्या

अमृतसर: अमृतसर के मजीठा रोड पर इंदिरा कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी। 67 साल की बुजुर्ग महिला वीना रानी को उसके ही घर में बेरहमी से मार डाला गया। मृतका का शरीर खून से लथपथ मिला था, जिस पर तेजधार हथियारों के निशान। महिला की गला काटकर हत्या की गई थी। इस वारदात को घर में किराए पर रह रहे दो युवकों द्वारा अंजाम दिया गया है। पुलिस द्वारा थाना सदर में गुरदेव सिंह निवासी गांव सौढिया तहसील अजनाला अमृतसर देहाती और उसके साथी शमशेर सिंह उर्फशेरा निवासी गांव भिंडी औलख के खिलाफ केस दर्ज किया था।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई। पुलिस द्वारा छापामारी करते आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। इसका खुलासा पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर और डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस आलम विजय सिंह द्वारा सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रैंस के दौरान किया गया है। रितिका के बेटे वरिंदर कुमार उर्फबल्लू निवासी गली नंबर 2 इंदिरा कालोनी मजीठा रोड की शिकायत पर केस दर्ज किया था। आरोपियों ने पहले बुधवार 28 जनवरी की रात को मृतका के बेटे को शराब पिलाकर बेहोश किया। फिर हत्या और लूट को अंजाम दिया।

वीना रानी बिजली बोर्ड से रिटायर थीं। वीरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वरुण की मां वीना रानी दोनों घर में रहते हैं। उन्होंने अपने घर में दो किराएदार रखे हैं। एक कमरे में गुरदेव सिंह निवासी गांव सोनिया अपनी पत्नी लव और एक साल के बेटे के साथ और दूसरे कमरे में अमरदीप कौर पत्नी स्वर्गीय अमरीक सिंह निवासी नजदीक गुरुद्वारा शाहिदा साहिब 2 साल से रह रही है। 1 साल से गुरदेव सिंह ने अपने पास शमशेर सिंह शेरा नाम के लड़के को भी रखा हुआ था। उन्होंने जब पूछा तो कहने लगा कि शमशेर सिंह का अपने परिवार के साथ झगड़ा हुआ है।

इसलिए उसके पास रहने के लिए आया है। जल्द ही वह वापस चला जाएगा। 28 जनवरी की शाम को 6 बजे गुरदेव सिंह और शमशेर सिंह ने उसे घर की छत पर बुलाया और शराब पीने लगे। इसी दौरान उसे महसूस हुआ कि शराब में कुछ मिला दिया है। जिस कारण उसे घबराहट होने लगी। उसने अपनी मां को बताया। दोनों आरोपी उनके कमरे में आए और उनके साथ झगड़ा करने लगे। उनकी किराएदार अमरदीप कौर ने जब दोनों को समझाया तो दोनों वापस अपने कमरे में वापस चले गए। अगले दिन 29 जनवरी की सुबह जब उसकी आंख खुली तो देखा उसकी मां की लाश उसके पास ही बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी हुई थी।

गला काटकर हत्या की गई थी। सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखे सोने और चांदी के गहने गायब थे। आरोपी गुरदेव सिंह और शमशेर सिंह ने उनके घर में लूट की। उनकी मां की हत्या कर फरार हो गए। थाना सदर में शिकायत की गई थी। पुलिस द्वारा केस दर्ज कर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू की गई। पुलिस द्वारा दिल्ली में छापामारी करते हुए शमशेर सिंह और गुरदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके कब्जे से लूट के गहने, वारदात में प्रयोग किया गया चाकू और फरार होने में प्रयोग किया गया वाहन बरामद किया गया है।

Exit mobile version