Site icon Dainik Savera Times

CM भगवंत मान को आतंकी पन्नू की धमकी: 15 अगस्त को हमले की चेतावनी

पंजाब डेस्क: खालिस्तान समर्थक आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) ने एक बार फिर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश की है। इस बार SFJ के प्रमुख आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जान से मारने की धमकी दी है। एक वीडियो संदेश में पन्नू ने कहा है कि 15 अगस्त के दिन फरीदकोट में भगवंत मान उसके आतंकियों के निशाने पर रहेंगे।

लैंड पूलिंग पर भड़काने की कोशिश

वीडियो में पन्नू ने लैंड पूलिंग योजना को लेकर पंजाब की जनता को भड़काने का प्रयास भी किया। उसने लोगों से सरकार के खिलाफ खड़े होने की अपील की, जिससे राज्य में अशांति फैलाई जा सके। इसके अलावा, उसने दावा किया कि अमृतसर के बस अड्डे, खालसा कॉलेज, कुछ मंदिरों और कोर्ट परिसरों में खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लिखवाए गए हैं। हालांकि अभी तक किसी भी सार्वजनिक स्थान पर ऐसे नारे देखने को नहीं मिलें हैं।

पहले भी दे चुका है धमकी

हालांकि गुरपतवंत सिंह पन्नू इससे पहले भी स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर भारत के खिलाफ वीडियो जारी कर भड़काऊ बयान दे चुका है। वह लंबे समय से भारत से फरार है और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को वांटेड है। उसके खिलाफ पंजाब के कई थानों में 36 से अधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें देशद्रोह, हथियार तस्करी और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर

पन्नू की इस धमकी के बाद पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। स्वतंत्रता दिवस से पहले इस तरह की धमकियों को देखते हुए सीएम भगवंत मान की सुरक्षा और भी ज्यादा बढ़ा दी गई है।

Exit mobile version