
Testing of 72 milk samples : मोगा। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोदेवाला में डेयरी विकास विभाग ने दूध के पोषण महत्व और गुणवत्ता को लेकर जागरूकता कैंप लगाया। इस दौरान 72 दूध सैंपलों की जांच की गई, जिनमें 28 सैंपल निर्धारित मानकों से कम पाए गए।
सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोदेवाला में ‘दूध संपूर्ण और संतुलित आहार’ विषय पर दूध उपभोक्ता जागरूकता सेमिनार एवं कैंप आयोजित किया गया। कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों को दूध एवं दूध से बने उत्पादों के पोषण महत्व तथा दूध की गुणवत्ता के प्रति जागरूक करना था।सेमिनार के दौरान उप निदेशक डेयरी विकास, मोगा निर्वैर सिंह बराड़ ने विद्यार्थियों को दूध एवं दुग्ध उत्पादों के महत्व के साथ-साथ पंजाब के डेयरी व्यवसाय में योगदान के बारे में जानकारी दी। डेयरी विकास इंस्पेक्टर देवसिमरन कौर ने मानव जीवन में दूध की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को नियमित रूप से दूध को अपने आहार का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।डेयरी विकास इंस्पेक्टर अवनीत सिंह ने विद्यार्थियों को दूध की संरचना तथा प्राकृतिक और मिलावटी दूध की पहचान एवं जांच संबंधी जानकारी दी। वहीं जिला रोजगार कार्यालय, मोगा के बलराज सिंह ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन दिया।
कैंप के दौरान विद्यार्थियों द्वारा लाए गए दूध के सैंपलों की डेयरी विकास इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने जांच की। कुल 72 दूध सैंपलों की जांच में 44 सैंपल निर्धारित मानकों के अनुसार, जबकि 28 सैंपल मानकों से कम पाए गए। विभाग के अनुसार जांच किए गए किसी भी सैंपल में हानिकारक तत्व की पुष्टि नहीं हुई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को रिफ्रेशमेंट वितरित की गई। डेयरी विकास विभाग की टीम ने स्कूल के प्रिंसिपल को विभागीय मोमेंटो देकर सम्मानित किया। मंच संचालन डेयरी विकास इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने किया। स्कूल के समस्त स्टाफ ने डेयरी विकास विभाग की टीम का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी विद्यार्थियों को दूध की गुणवत्ता एवं इसके पोषण महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे कैंप आयोजित करने का अनुरोध किया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...