Site icon Dainik Savera Times

मोगा में 8-9 अगस्त को सजेगा 21वां तीयों का मेला

The 21st Teej Fair will be held on August 8–9 : मोगा। सरकार से दो बार स्टेट अवार्ड से सम्मानित सामाजिक संस्था एंटी करप्शन अवेयरनेस ऑर्गेनाइजेशन, पंजाब एवं सोहना मोगा सोसायटी की ओर से पंजाबी संस्कृति, लोक विरासत और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला मालवा क्षेत्र का प्रसिद्ध ’21वां तीयों का मेला’ इस वर्ष 8 और 9 अगस्त को नेचर पार्क, मोगा में पूरे उत्साह और पारंपरिक रंग के साथ आयोजित किया जाएगा।

16 वर्षों से विरासत संजोने का अभियान

संस्था के चेयरमैन गुरप्रीत सिंह सचदेवा ने बताया कि मेले को लेकर मोगा सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि संस्था पिछले 16 वर्षों से सामाजिक सेवा, भ्रष्टाचार विरोधी जागरूकता और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से पंजाब की समृद्ध विरासत को संजोने का कार्य कर रही है। तीयों का यह मेला केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को मोबाइल और डिजिटल दुनिया से बाहर निकालकर अपनी सभ्यता, संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ने का एक प्रयास है। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय मेले में पंजाबी संस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।

गिद्दा-भंगड़ा संग सजेगी पंजाबी विरासत

गिद्दा, भंगड़ा, पारंपरिक पींघ, मेहंदी प्रतियोगिताएं, पंजाबी पहनावे की प्रस्तुति, बेटियों का सम्मान, लोकगीतों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम और मनोरंजन से भरपूर प्रस्तुतियां दर्शकों का विशेष आकर्षण रहेंगी। इसके अलावा आकर्षक सेल्फी प्वाइंट, नि:शुल्क प्रवेश, चांदी के सिक्के तथा सैकड़ों पुरस्कार भी आगंतुकों के लिए खास आकर्षण होंगे। मेले का आयोजन दोनों दिन शाम 4:30 बजे से नेचर पार्क, मोगा में होगा। संस्था ने मोगा तथा आसपास के जिलों के परिवारों से अपील की है कि वे अपने बच्चों और बेटियों के साथ मेले में पहुंचकर पंजाबी विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं का आनंद लें तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के इस प्रयास का हिस्सा बनें। इस अवसर पर सतनाम सिंह गिल, राकेश सितारा, धीरज मनोचा, जगजीत सिंह भुल्लर, बलविंदर सिंह गब्बर, वरिंदर कुमार, मनमोहन सिंह बिंदरा, गुरबचन सिंह, राजिंदर सिंह, संदीप धामी, रुपिंदरजीत सिंह जॉनी, संजीव कुमार, अमनदीप गोयल सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Exit mobile version