नंगल : भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा आज भाखड़ा बाँध का 64वाँ समर्पण दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माननीय अध्यक्ष, बीबीएमबी, इंजी. मनोज त्रिपाठी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने परियोजना निर्माण के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों के शहीदी स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
अपने संबोधन में अध्यक्ष महोदय ने भाखड़ा बाँध को देश की प्रगति, हरित क्रांति एवं भारत की उत्कृष्ट तकनीकी क्षमता का प्रतीक बताया। उन्होंने बाँध की उत्कृष्ट इंजीनियरिंग एवं सफल संचालन का श्रेय बीबीएमबी के अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण, परिश्रम एवं प्रतिबद्धता को देते हुए भविष्य में भी बाँध के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
समर्पण दिवस के अवसर पर बीबीएमबी डीएवी स्कूल, नंगल के विद्यार्थियों के मध्य भाखड़ा बाँध विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट पेंटिंग बनाने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ इसमें भाग लेने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘’फिट इंडिया फ्रीडम रन’’ का आयोजन भी किया गया, जिसमें शारीरिक स्वास्थ्य एवं नियमित व्यायाम के महत्व का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष, बीबीएमबी, इंजी. मनोज त्रिपाठी ने नंगल स्थित भाखड़ा सदन में नवनिर्मित कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने बीबीएमबी ऑफिसर्स क्लब में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

