Site icon Dainik Savera Times

BBMB द्वारा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह चंडीगढ़ सचिवालय में अत्यंत उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया

चण्‍डीगढ: भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड (बीबीएमबी) द्वारा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह चंडीगढ़ स्थित सचिवालय में अत्यंत उत्साह, उमंग एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री मनोज त्रिपाठी, अध्यक्ष, बीबीएमबी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” तथा राष्ट्रगान “जन गण मन” का गायन किया।

कार्यक्रम के दौरान बीबीएमबी परिवार के बच्चों द्वारा एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसमें स्वतंत्रता, शौर्य एवं देशभक्ति पर आधारित गीतों के साथ-साथ नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ इस समारोह में भाग लिया तथा समारोह की गरिमा एवं उत्सवपूर्ण वातावरण को ओर बढ़ाया।

अपने सम्बोधन में अध्यक्ष, बीबीएमबी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी से राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए पूर्ण समर्पण, निष्ठा एवं आपसी सहयोग के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने सभी को स्वयं को समय के साथ-साथ उन्नत करने के लिए अपने कार्यालय कार्य में विवेकपूर्ण तरीके से कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) को अपनाने की सलाह दी।

उन्होंने यह भी बताया कि तलवाड़ा में बीबीएमबी अस्पताल को एम्स अथवा पीजीआई चंडीगढ़ द्वारा अपनाए जाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही नंगल में एक तीन मंजिला संग्रहालय के निर्माण के माध्यम से भाखड़ा-नंगल क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। अध्यक्ष महोदय ने यह भी उल्लेख किया कि पंडोह स्थित स्कूल को सफलतापूर्वक अपग्रेड किया गया है,  जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों की संख्या अब बढ़कर लगभग 250 हो गई है।

इसके अतिरिक्त, उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों बधाई देते हुए उन्होंने अवगत कराया कि बीबीएमबी के कार्यरत कर्मचारियों के लाभ हेतु कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई गई है। समारोह के अंत में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को प्रोत्साहन देते हुये अध्यक्ष, महोदय द्वारा पुरस्कार भेंट किए गए।

Exit mobile version