बरनाला : जुडिशियल मैजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास बरनाला अंकिता धवन की अदालत ने एक चैक बाऊंस मामले का फैसला सुनाते हुए आरोपी हरप्रीत सिंह पुत्र बादल सिंह निवासी रायपुर को एक वर्ष की कैद और 10 लाख रुपए जुर्माना अदा करने का आदेश सुनाया है। जानकारी देते हुए शिकायतकर्ता मनप्रीत सिंह पुत्र गुरदीप सिंह निवासी संघेड़ा के वकील मनिंदर सिंह गिल ने बताया कि आरोपी हरप्रीत सिंह ने मनप्रीत सिंह को विदेश भेजने के नाम पर 4,15,000 रुपए लिए थे लेकिन नियमों के अनुसार न तो उसने मनप्रीत सिंह को सही जगह भेजा और न ही कोई काम दिलवाया।
रकम वापस करने की एवज में हरप्रीत सिंह ने विदेश में हुए खर्च संबंधी 5 दिसंबर 2017 का एक चैक (नंबर 048497) मनप्रीत सिंह को दिया था। जब मनप्रीत सिंह ने भुगतान के लिए चैक बैंक में लगाया, तो खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण वह बाऊंस हो गया। इसके बाद मनप्रीत सिंह ने अपने वकील मनिंदर सिंह गिल के माध्यम से धारा 138 एन.आई. एक्ट के तहत अदालत में शिकायत दायर की। अदालत ने वादी पक्ष के वकील की दलीलों से सहमत होते हुए आरोपी हरप्रीत सिंह को दोषी करार दिया और एक साल की सजा व 10,00,000 रुपए जुर्माना भरने की सजा सुनाई।