अमृतसर: मेयर जतिंदर सिंह भाटिया ने शहर में आगजनी की घटनाओं पर तेजी से काबू पाने संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग में शामिल किए गए 4 नए फायर टेंडरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर भाटिया ने कहा कि ये नए वाहन शहर की संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अग्निशमन अभियानों को अधिक कुशल बनाने में विशेष रूप से सहायक साबित होंगे। शामिल किए गए वाहनों में वाटर ब्राउजर-1, मिनी फायर टेंडर-1, मिनी फायर टैंडर कम रेस्क्यू टैंडर-2 हैं।
भाटिया ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विभाग को लगातार मजबूत किया गया है। वर्ष 2025 में पहले ही 6 नए अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। पुराने 20 दमकल कर्मियों और अब शामिल किए गए 4 नए दमकल कर्मियों को मिलाकर, शहर के पास अब 30 दमकल कर्मियों का एक मजबूत बेड़ा है। इसके अलावा संकरी गलियों में सेवाएं प्रदान करने के लिए 5 दमकल मोटरसाइकिलें भी तैनात हैं।
उन्होंने बताया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थापित 5 अग्निशमन केंद्रों के माध्यम से ये सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध कराई जा रही हैं। निगम का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपातकालीन स्थिति में घटनास्थल तक पहुंचने के समय को कम करना है ताकि बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकें। इस मौके पर निगम कमिशनर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल, एडीशनल कमिशनर सुरेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

