लुधियाना: कासाबाद इलाके में बोरी में खून से लथपथ हुए मिले युवक के शव की शिनाख्त हो गई है, जिसकी पहचान 24 वर्षीय सूरज कुमार उर्फ मनीष के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर दिया है। मृतक के परिवार का आरोप है कि सूरज कुमार को महिला के साथ अवैध संबंधों के संदेह में मौत के घाट उतारा गया है। सूरज कुमार को हत्यारे ने गोली मारकर तेजधार हथियार से वार कर बोरी में बांधकर खेतों में फैंक दिया। इस मामले में थाना सलेम टाबरी की पुलिस ने कैलाश नगर निवासी अश्वनी कुमार के बयानों के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 27 अक्तूबर को उसका 24 वर्षीय भाई सूरज कुमार घर से काम पर गया था, जोकि वापस घर नहीं आया। 29 अक्तूबर को पता लगा कि उसके भाई सूरज कुमार का शव बोरी में कासाबाद के नजदीक खेत में सड़क के किनारे मिला है। शिकायतकत्र्ता का आरोप है कि उसके भाई को अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर शव बोरी में डालकर फैंका है। इस मामले के बारे में मृतक के परजिनों ने बताया कि मनीष कुमार जिस फैक्टरी में काम करता था, उसी फैक्टरी की किसी महिला के साथ उसके संबंध बन गए। इस बात का महिला के पति को जब पता लगा तब उसने उसकी हत्या कर दी लेकिन उस महिला के पति ने वारदात को अंजाम देने से पहले ही अपनी पत्नी को गांव भेज दिया था।
मनीष के दोस्त मनोरंजन ने पुलिस को बताया कि महिला के पति ने मनीष के साथ दोस्ती कर उसे पहले शराब पिलाई, कमरा बंद कर उसके साथ मारपीट कर गोली मारी और गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद उस महिला के पति ने मनीष के शव को बोरी में बांधकर खेत में फैंककर भाग गया। थाना सलेम टाबरी के एस.एच.ओ. हर्षवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस की टीम विभिन्न थ्योरियों पर वर्ककर रही है। इस मामले को जल्द ही सुलझा कर सारे घटनाक्र म के बारे में खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : पेट्रोल-डीजल के नए दाम जारी, जानें आपके शहर में क्या है रेट

