पटियाला: थाना त्रिपड़ी टाऊन के अधीन सिद्धू कालोनी से केंद्रीय जेल की तरफ जाने वाले रास्ते पर सोमवार सुबह एक नौजवान की लाश मिलने पर इलाके में दहशत का माहौल बन गया। शव एक घर के बाहर पड़ा था, जिसके गले पर चोट के निशान थे और रक्त बह रहा था। देखने पर ऐसा लग रहा था जैसे उसके गले पर वार करके उसकी हत्या की गई है और मुंह से झाग निकली हुई थी। मृतक की पहचान आनंद नगर बी गली नंबर 9 निवासी रोहित कुमार, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक बीती रात को रोहित के दोस्त उसे साथ लेकर गए थे और उसके बाद उसका सुबह शव मिला है। बताया जा रहा है कि दोस्तों ने ही उसे जहरीली वस्तु खिलाकर अथवा इंजैक्शन लगाकर उसकी हत्या की है।
वह उसका शव ठिकाने नहीं लगा सके और एक आरोपी ने अपने घर के नजदीक ही उसे फैंक दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक विंग की टीम घटना स्थल से सबूत एकत्रित करके ले गई है। शव को मोर्चरी में भेजा गया है। त्रिपड़ी थाने के मुखी इंस्पैक्टर सुखविंदर सिंह गिल ने इस बात की पुष्टि की कि रोहित को उसके ही दोस्तों ने जहर देकर मारा है। थाना मुखी ने बताया कि रोहित चंडीगढ़ में केयरटेकर का काम करता है और वह कल अपने घर पटियाला में आया था वह जब भी पटियाला आया था तो अपने इन्हीं दोस्तों के साथ ही घर से बाहर निकलता था।
कल भी उसका एक दोस्त उसे बाइक पर अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद यह तीनों दोस्त रात भर घर नहीं आए और सुबह रोहित का शव सिद्धू कालोनी के पास मिला है। उसके दोस्तों ने उसे जहर देकर क्यों मारा है यह अभी जांच का विषय है और जल्द ही इस मामले की सच्चाई लोगों के सामने रख दी जाएगी। उन दोनों दोस्तों पर हत्या का केस दर्ज करके दोनों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें एक प्रभजोत उर्फ काका है, जिस पर पहले भी चोरी का केस दर्ज है। इस हत्या में उसका एक अन्य दोस्त भी शामिल है।
ये भी पढ़े- स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान अस्पताल में भर्ती, वीडियो देखकर टेंशन में आए फैंस

