Site icon Dainik Savera Times

शादी से एक दिन पहले प्रेमी संग फरार हुई दुल्हन, 8 महीने पहले हुई थी सगाई

अमृतसर, छेहर्टा : गांव खापड़खेड़ी में शगुन लगने से एक दिन पहले दुल्हन घर से अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। लड़का परिवार ने पुलिस थाना घरिंडा की पुलिस चौकी खासा में लड़की के परिवार के खिलाफ शिकायत दी है। जानकारी के मुताबिक मामला छेहरटा स्थित खापड़खेड़ी गांव का है। जहां 31 वर्षीय हरप्रीत सिंह की शादी डर्मा वाला बाजार सुल्तान विंड रोड की रहने वाली किरणदीप कौर के साथ उनकी 8 महीने पहले सगाई हुई थी।

परिजनों ने फरवरी में शादी तय की थी, जिसकी बारात 15 फरवरी को जानी थी और घर पर शादी की तैयारी जोरों पर चल रही थी। 14 फरवरी को शगुन लगने की रस्में होने वाली थी, लेकिन 14 फरवरी को सुबह करीब 5 बजे लड़की के परिजनों का फोन आ गया कि उनकी बेटी किरणदीप कौर घर से लापता हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़की परिवार ने लड़की का किसी के साथ चक्कर होने के कारण परिवार पिछले आठ महीनों से शादी की तारीख को लेकर टालमटोल करते आ रहे थे।

उन्होंने कहा कि एक दिन पहले किसी युवक ने फोन कर बताया था कि किरणदीप तथा उसके बीच प्रेम प्रसंग चल रहा है, वह दोनों शादी करना चाहते है। हरप्रीत ने बताया कि उसने इस बात को सीरीयस नहीं लिया था, लेकिन आज शगुन से पहले लड़की की प्रेमी संग भागने की बात पता चली। उन्होंने कहा कि इस संबंधी उन्होंने खासा चौकी में लिखित शिकायत कर उक्त परिवार खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, एएसआई सरबजीत सिंह ने बताया कि लड़का परिवार की शिकायत लेकर लड़की परिवार को थाने बुलाया गया है।

दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी। इस संबंधी लड़की की बहन अमनदीप ने बताया कि शुक्रवार रात जब हम सब विवाह की तैयारी में व्यस्त थे, तब अचानक उनकी बहन घर से लापता हो गई। उसकी हमने काफी तलाश की, पर कोई पता नहीं चला। इस संबंधी उन्होंने थाना बी डिवीजन में उसके लापता होने तथा एक लड़के की शिकायत दर्ज कराई है। दूसरी तरफ लड़के वालों ने थाना घरिंडा में शिकायत दर्ज करवाई है।

Exit mobile version