Dainik Savera Times

भगवान जगन्नाथ की भक्ति के रंग में रंगा शहर, श्रीराम चौक से निकाली भव्य रथयात्रा

जालंधर : तीर्थ जगन्नाथ सेवा समिति के तत्वावधान में श्रीराम चौक से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरे मार्ग पर ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा में आस्था की ऐसी डोर कि बिन बुलाए खिंचे चले आए हजारों भक्त। भक्तों में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व सुभद्रा के प्रति आस्था व श्रद्धा का ऐसा अनुपम उदाहरण देखने को मिला कि बिन बुलाए ही हजारों भक्त विशाल शोभा यात्रा में खिंचे चले आए। लाखों की संख्या में भक्तों का सैलाब महाप्रभु जगन्नाथ की शोभा का साक्षी बन अपनी आस्था दिखाई।

चारों तरफ बस जय जगन्नाथ, नयन पथगामी भव तुमे गूंजता रहा। शंखनाद की ध्वनि के साथ पट खुलते ही दिव्य आलौकिक दृश्य जिसका भक्तजन बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। दोनों हाथों को ऊपर उठाए हजारों श्रद्धालुओ के जयकारों से मानों दसों दिशाएं गुंजायमान हो उठीं। रंग-बिरंगे फूलों से सजे और महकते रथ पर विराजमान श्री जगन्नाथ जी और साथ में बहन सुभद्रा व बलभद्र के रंग-बिरंगे रंग के रत्न जडि़त व स्वर्ण तारों से सजे परिधानों और गले में वैजयंती माला धारण किए अपने भगवान की एक झलक के लिए हर भक्त उत्सुक था।

भक्तों की आस्था में कोई कमी नहीं हुई बल्कि भक्तजन हुमस और गर्मी में भी नंगे पांव शोभायात्रा के साथ चलने के साथ-साथ रस्सी खींचकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते रहे। इस रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र, सुभद्रा का भव्य रथ मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। उपस्थित भक्तों ने भगवान पर पुष्प वर्षा की। भक्तों ने भगवान के दर्शन कर अपने आपको कृतार्थ किया। इसके उपरांत भगवान को सुंदर रथ पर बने सिंहासन पर विराजमान किया गया।उत्सव में भक्तों द्वारा लाए गए छप्पन भोग भगवान को अर्पित किए गए। रथयात्रा का आगाज होते ही भक्तवृंद ने हरे कृष्ण..हरे कृष्ण..हरे कृष्ण.. हरे.हरे, हरे राम..हरे राम..राम राम..हरे हरे की मधुर धुन..जय राधा माधव जय कुंज बिहारी…जय जगन्नाथ स्वामी जय जगन्नाथ …से सारे माहौल को सराबोर कर दिया।

सारे मार्ग में तीर्थ जगन्नाथ सेवा समिति और वंृदावन, कलकत्ता से रास कलाकारों ने जहां हिस्सा लिया वहीं, देश-विदेश आस्ट्रेलिया, रशिया के साथ-साथ चंडीगढ़, वृंदावन, होशियारपुर, लुधियाना, कपूरथला सहित पंजाब के विभिन्न स्थानों से ठाकुर जी के भक्तों ने शामिल होकर श्री कृष्ण की मधुर धुनों से सारे वातावरण को कृष्णमयी कर दिया। रथयात्रा के मार्ग में विशेष रूप से कलाकारों ने रंगोली बनाकर सारे मार्ग को सुंदरमयी बनाया। इस दौरान जगह-जगह रथयात्रा का स्वागत प्रभु भक्तों ने लंगर लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर किया।

श्रद्धालुओं ने भगवान श्री जगन्नाथ के विशाल रथ को आस्था के साथ अपने हाथों से खींचना शुरू किया जिससे समूचा माहौल भक्ति विभोर हो गया। शोभायात्रा में शामिल महिलाएं मंगलगीत गाती हुईं आगे बढ़ती नजर आईं। भगवान जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा में ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ रथ यात्रा में भाग लिया। हर ओर भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

इस निकाली गई विशाल शोभायात्रा की शुरुआत दैनिक सवेरा के मुख्य संपादक शीतल विज, पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, मेयर वनीत धीर, आप पार्टी जालंधर सैंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली, सीनियर डिप्टी मेयर बलबीर बिट्टू, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह, पूर्व सीपीएस केडी भंडारी, अग्रवाल वैल्फेयर बोर्ड के चेयरमैन अशवनी अग्रवाल, आप नेता अजय चोपड़ा, पूर्व पार्षद गंगा देवी, समाज सेवक बंटू सभ्रवाल, पार्षद हरजिंदर सिंह लाडा, आप नेत्री शोभा भगत, पार्षदपति रोनी सिंह, पार्षद शैरी चड्ढा, पार्षदपति नवदीप जरेवाल, हिंद क्रांति दल के प्रधान मनोज नन्ना सहित बड़ी संख्या में प्रभु भक्तों ने शामिल होकर की। इससे पहले महामंडलेश्वर 1008 महंत केशव दास, महंत राम दास, महंत बाबा राज किशोर, महंत पवन कुमार दास ने विशेष रूप से शामिल होकर प्रभु भक्तों को आशीर्वाद दिया।

यह विशाल शोभा यात्रा श्रीराम चौक (कंपनी बाग चौक) से आरंभ होकर भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक), बस्ती अड्डा चौक, जेल चौक, पटेल चौक से होते हुए साईं दास स्कूल की ग्राऊंड में आकर महाआरती के साथ सम्पन्न हुई। इस अवसर पर समिति के निशांत धीर, अंगद तलवार, अभय ठुकराल, शुभम कपूर, सुशांत खेड़ा, अंबरीश कश्यप, ख्याति कोहली सहित दीपक खोसला, पंकज चड्ढा, मुनीष राजपूत, सुरिंदर बिल्ला, नरिंदर थापर, सुरिंदर खोसला, विनोद कुमार, काका खोसला, सोनू पहलवान, कर्ण, हर्ष सिदू, मिंकू अटवाल, राजू नाहर सहित प्रभु भक्तजन शामिल थे।

Exit mobile version