लुधियाना: राज्यस्थान-हरियाणा सीमा पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने सारे उत्तरी भारत के मौसम को बदल दिया है। वहीं दूसरी तरफ अफगानिस्तान से पाकिस्तान पंजाब द्वारा आ रहे सिस्टम से पूर्वी हवाओं के चलने से लोगों को पिछले दिनों से पड़ रही तीखी गर्मी राहत दिलाई है। लोगों को एक बार फिर से ठंड का अहसास होने लगा है। रविवार की तड़के सुबह से ही मौसम ने करवट ली। आसमान पर बादल छाए और बादल भी बरसे लेकिन अभी बारिश खुलकर नहीं हो सकी है।
बारिश से दिन का तापमान 10 डिग्री की गिरावट के साथ 20 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं शनिवार रात का तापमान 15 डिग्री सैल्सियस रहा। मौसम की यह मार अन्नदाता की फसलों पर भारी पड़ सकती है क्योंकि पंजाब के विभिन्न शहरों में इस समय तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि भी हो रही है, जो खेतों में पक रही गेहूं की फसल को काफी नुक्सान पहुंचा सकती है। मौसम माहिरों का कहना है कि अभी सोमवार को भी मौसम का हाल ऐसा ही बना रहने वाला है क्योंकि सिस्टम मजबूत है।
इस दौरान तेज बारिश व ओलावृष्टि होने की संभावना है। इससे तापमान में ओर भी ज्यादा गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस सप्ताह में एक के बाद एक कई सिस्टम एक्टिव हो रहे है। रविवार को दिन के समय हवा में नमी की मात्रा 72 फीसदी व शाम में 71 फीसदी रिकार्ड की गई।

