सरना : भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा एकता स्थल, माधोपुर से शुरू की गई नशा मुक्त पंजाब यात्रा को दूसरे दिन भी लोगों का भरपूर समर्थन मिला। लोग अपने घरों और दुकानों से स्वत: बाहर निकलकर यात्रा का स्वागत करते और नशे के खिलाफ अभियान को समर्थन देते नजर आए। पठानकोट से शुरू हुई यात्रा सरना, सुंदर चौक अड्डा और सहोरा कलां से होते हुए तारागढ़ पहुंची, जहां एक रैली की गई।
रैली को संबोधित करते हुए भाजपा संसदीय समिति के सदस्य एवं पूर्व राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने कहा कि यह यात्रा केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि पंजाब की युवा पीढ़ी, समाज और भविष्य को बचाने का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा जो कहती है, उसे करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि नशा पंजाब के लिए गंभीर समस्या बन चुका है और इसका प्रभाव अब महिलाओं तक भी पहुंच रहा है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले एक वर्ष के दौरान पठानकोट में 18 से 35 वर्ष की आयु के करीब 100 लोगों की नशे के कारण जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए सप्लाई चेन तोड़ना, नशा तस्करों के किंगपिनों के खिलाफ कार्रवाई करना और नशे के पैसे से बनाई गई संपत्तियों को जब्त करना जरूरी है। नशा छोड़ने वालों को ईलाज के साथ-साथ कौशल और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराने होंगे।
इस अवसर पर पंजाब भाजपा के सचिव सूरज भारद्वाज, पूर्व विधायक सीमा देवी, राजेश हनी, सुरेश शर्मा (जिला अध्यक्ष), कुलदीप सिंह काहलों, पूर्व डीएसपी अवतार सिंह, राजकुमार गुप्ता, गणेश्वर बाबा, संजीव जग्गी, संजीव गलोटा, विशाल रिंकू, अवतार सिंह (एससी मोर्चा), राजिंदर सिंह बिट्टू, राकेश माजरा, कमल किशोर रतनगढ़, सुरिंदर बकनौर, सज्जन ख्याला, संजीव संजू, परशोत्तम, तरलोक सिंह, जोगिंदर पाल, राघव मलिकपुर, दरबारी लाल, नरेश कुमार और दीपक सैनी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

