चंडीगढ़: पंजाब में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अपडेट करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत 25 जून से होने जा रही है। इस अभियान के तहत राज्य के सभी क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे।
पंजाब में कुल 24,453 BLO इस प्रक्रिया में शामिल होंगे, जो मतदाताओं से संबंधित जानकारी जुटाकर वोटर लिस्ट को अपडेट करने का काम करेंगे। यह अभियान 24 जुलाई तक चलेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी।
2.14 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं का होगा सत्यापन
पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि अभियान के दौरान राज्य के करीब 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 मतदाताओं के रिकॉर्ड की जांच और अपडेट किया जाएगा।
BLO घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे और भरे हुए फॉर्म वापस एकत्र करेंगे। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
3 अगस्त को जारी होगी प्रारंभिक मतदाता सूची
SIR अभियान पूरा होने के बाद 3 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाता अपने नाम, पते या अन्य विवरण में सुधार के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 2 सितंबर होगी। इसके बाद इनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा और 1 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी।
86 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं की मैपिंग पूरी
चुनाव विभाग के अनुसार पंजाब में अब तक 86.02 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का काम पूरा हो चुका है। जिन मतदाताओं की मैपिंग अभी बाकी है, उनकी जानकारी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है, ताकि वे भी प्रक्रिया में सहयोग कर सकें।
मैपिंग के लिए देनी होगी जरूरी जानकारी
मतदाता मैपिंग प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग विकल्प रखे गए हैं। यदि किसी व्यक्ति की पहचान उसकी स्वयं की पुरानी जानकारी के आधार पर होती है तो उसके लिए अलग रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा। वहीं माता-पिता या दादा-दादी के आधार पर मैपिंग होने पर अलग कॉलम में जानकारी दर्ज होगी।
फॉर्म जमा करते समय मतदाता को यह घोषणा भी करनी होगी कि उसने किसी अन्य देश की नागरिकता नहीं ली है और उसका नाम किसी दूसरी जगह की मतदाता सूची में शामिल नहीं है।
घर पर नहीं मिलने वालों के लिए BLO करेंगे दोबारा संपर्क
यदि सत्यापन के दौरान कोई मतदाता घर पर नहीं मिलता या मकान बंद पाया जाता है तो BLO वहां फॉर्म छोड़ेंगे और एक सूचना स्टिकर लगाएंगे। इसमें BLO के आने की जानकारी के साथ दोबारा संपर्क करने की संभावित तारीख भी दर्ज होगी, ताकि संबंधित व्यक्ति बाद में फॉर्म जमा कर सके।
राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील
पंजाब भवन में हुई बैठक में चुनाव विभाग के अधिकारियों के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बैठक में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, भाजपा, शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। चुनाव आयोग ने सभी दलों से अपील की है कि वे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
ये भी पढ़ें…
चुनाव प्रक्रिया को बेहतर बनाने की तैयारी
SIR अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में गलतियों को दूर करना, पात्र मतदाताओं को शामिल करना और रिकॉर्ड को अधिक पारदर्शी बनाना है। चुनाव विभाग के अनुसार अपडेटेड मतदाता सूची आगामी चुनावों में निष्पक्ष और सुचारु मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने में मदद करेगी।

