पटियाला: पंजाब के वित्त, कराधान एवं आबकारी मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज पटियाला स्थित आबकारी एवं कराधान विभाग के मुख्य कार्यालय की औचक जांच की। मंगलवार दोपहर के बाद पटियाला पहुंचे हरपाल सिंह चीमा ने आबकारी कमिश्नर के साथ आबकारी एवं कराधान विभाग के मुख्य कार्यालय में चैकिंग करने के बाद शाखाओं में जाकर उनका रिकार्ड कब्जे में ले लिया है। साथ ही वहां तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों की हाजिरी के साथ-साथ उनके डैस्क पर पड़ी फाइलों की जांच की। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि उनकी जांच का उद्देश्य विशेष रूप से कई फाइलों व मामलों के निपटारे में देरी का कारण पता लगाना है। इस दौरान वित्त मंत्री और कमिश्नर आबकारी विभाग ने कई तरह के दस्तावेज अपने कब्जे में लिए और कुछ की सूची बनाकर आगे की कार्रवाई के आदेश दिए।
सरकारी दस्तावेज फाइलों के साथ-साथ उन्होंने आबकारी विभाग में चल रहे कामकाज को भी चैक किया, जिसमें मुख्य रूप से ई-ऑफिस शामिल है और यह देखने की कोशिश की कि किसी केस या फाइल के निपटान में कितनी देरी हो रही है और क्या यह काम तुरंत हो रहा है या एक-दो दिन की लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि काम करने या फाइल निपटाने में देरी करना भी भ्रष्टाचार माना जाएगा। वित्त मंत्री ने विभिन्न शाखाओं के अधीक्षकों और अन्य अधिकारियों को भी तलब किया और उन अधिकारियों या कर्मचारियों की हाजिरी भी चैक की, जो मौके पर मौजूद नहीं थे और उन अधिकारियों की भी जांच की जो मूवमैंट रजिस्टर भरे बिना अपने डैपुटेशन स्थानों पर चले गए थे।

