मोगा: शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मोगा शहर में मां भगवती की भक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। अनमोल वेलफेयर क्लब मोगा सिटी की ओर से पुरानी दाना मंडी में 11 से 20 अक्टूबर तक विशाल धार्मिक समारोह ‘मेले मैया दे’ का आयोजन किया जा रहा है। समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर में धार्मिक उत्साह का माहौल है और विशेष रूप से महिलाओं व युवतियों में कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
समारोह की पूर्व संध्या पर बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने मां भगवती के स्वागत के लिए अपने हाथों पर मेहंदी रचाई। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह नजर आया। क्लब के अध्यक्ष राजेश अरोड़ा ने बताया कि 10 अक्टूबर को देश के 26 शक्तिपीठों और प्रसिद्ध धार्मिक धामों से लाई जा रही पावन ज्योतियां मोगा शहर में प्रवेश करेंगी। इस बार समारोह का विशेष आकर्षण नेपाल स्थित मां गजेश्वरी देवी की पावन ज्योति होगी, जो पहली बार मोगा पहुंच रही है।
गीता भवन से निकलेगी भव्य शोभायात्रा
सभी पावन ज्योतियों के नगर आगमन पर गीता भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से होकर गुजरेगी। इस दौरान शहरवासियों और विभिन्न धार्मिक संस्थाओं की ओर से पुष्प वर्षा कर ज्योतियों का स्वागत किया जाएगा। शोभायात्रा के समापन पर सभी पावन ज्योतियों को पुरानी दाना मंडी में बनाए गए विशाल पंडाल में विधिवत स्थापित किया जाएगा, जहां श्रद्धालु मां भगवती के दर्शन कर सकेंगे।
रोजाना शाम 7 से रात 11 बजे तक होगी माता की चौकी
राजेश अरोड़ा ने बताया कि 11 अक्टूबर से शुरू होने वाला धार्मिक समारोह 20 अक्टूबर तक चलेगा। इन दस दिनों के दौरान प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक माता की चौकी सजाई जाएगी। इस दौरान भजन गायक मां भगवती की महिमा का गुणगान कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर करेंगे। मोगा वासियों के लिए यह सौभाग्य की बात है कि उन्हें मां चिंतपूर्णी, ज्वाला जी, वैष्णो देवी, कांगड़ा देवी, चामुंडा देवी, नैना देवी और नेपाल स्थित मां गजेश्वरी देवी सहित 26 पावन ज्योतियों के दर्शन करने का अवसर मिलेगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध
समारोह स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, सुरक्षा और पेयजल सहित आवश्यक सुविधाओं के प्रबंध किए गए हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े। क्लब पदाधिकारियों ने शहरवासियों और सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं से अपील की कि वे 10 अक्टूबर को निकलने वाली शोभायात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और परिवार सहित ‘मेले मैया दे’ में पहुंचकर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करें।
📍 Location: मोगा

