Site icon Dainik Savera Times

सेहत व पुलिस विभाग ने चलाया संयुक्त अभियान, गैर-कानूनी नशा छुड़ाओ सेंटर का किया पर्दाफाश

तरनतारन: डिप्टी कमिश्नर तरनतारन राहुल के आदेशों पर सिविल सर्जन तरनतारन डॉ. गुरप्रीत सिंह राय ने मिल रही शिकायतों के आधार पर गैर-कानूनी ढंग से चलाए जा रहे सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए टीम का गठन किया। टीम में डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. रूपम चौधरी, तहसीलदार हरिके अकविंदर कौर, डॉ. पवनदीप (नोडल ऑफिसर, नशा छुड़ाओ सेंटर), वरिंदरपाल सिंह भाटिया (फामेर्सी ऑफिसर), योगिता (काउंसलर) और थाना हरिके पत्तन के प्रभारी बलराज सिंह शामिल थे।

इस टीम ने गांव बूह हवेलियां स्थित सेफ लाइफ रिहैबिलिटेशन सेंटर पर रेड करके जांच की। जांच के दौरान पता चला कि यह सेंटर गैर-कानूनी तरीके से और बिना किसी परमिशन, रजिस्ट्रेशन और क्वालिफाइड स्टाफ के चल रहा था। जि़ला प्रशासन, हेल्थ डिपार्टमेंट और पुलिस डिपार्टमेंट की जॉइंट रेड के दौरान मरीजों की देखभाल, इलाज, रहने की जगह और सुरक्षा से जुड़े बेसिक स्टैंडर्डस का गंभीर उल्लंघन पाया गया।

ऑपरेशन के दौरान, जबरदस्ती भर्ती कराए गए 8 मरीजों को सुरक्षित बचाकर सरकारी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया, ताकि उन्हें अच्छी क्वालिटी और सुरक्षित इलाज मिल सके। जिला प्रशासन ने तुरंत इस सेंटर को बंद कर दिया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे इलाज के लिए सिर्फ़ सरकारी सर्टिफाइड और रजिस्टर्ड नशा मुक्ति केंद्रों से ही संपर्क करें। सिविल सर्जन डॉ. गुरप्रीत सिंह राय ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘नशे के खिलाफ जंग’ को और मजबूत करने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें-J&K: कुपवाड़ा में आतंकी साजिश नाकाम, सुरक्षाबलों ने हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा किया बरामद

Exit mobile version