
फतेहगढ़ साहिब : पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती केवल पंजाब ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इस धरती से जुड़ा गौरवशाली इतिहास और आध्यात्मिक प्रेरणा बच्चों तथा युवाओं में साहस, दृढ़ता और बलिदान की भावना पैदा करती है, जो पूरे समाज का मार्गदर्शन करती है। वह माता चक्रेश्वरी मंदिर, फतेहगढ़ साहिब में माथा टेकने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने फतेहगढ़ साहिब की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही पवित्र धरती है, जहां दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के छोटे साहिबजादों ने अद्वितीय शहादत दी थी। उन्होंने कहा कि साहिबजादों की महान कुर्बानी और बेमिसाल साहस की मिसाल विश्व इतिहास में दुर्लभ है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा सत्य, धर्म और अपने सिद्धांतों पर अडिग रहने की प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थान के दर्शन करने से उन्हें हमेशा नई हिम्मत, हौसला और ऊर्जा मिलती है। इस स्थान के प्रति उनके मन में विशेष आस्था है और यहां से मिलने वाली प्रेरणा उन्हें जनसेवा के कार्यों को और अधिक मेहनत तथा समर्पण के साथ करने के लिए प्रोत्साहित करती है। राज्यपाल ने कहा कि वह दोबारा इस पवित्र स्थान पर दर्शन करने और आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचे हैं, ताकि जनता के कार्यों को और अधिक सुचारु तथा प्रभावशाली ढंग से पूरा कर सकें।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं को जनता का सेवक मानते हैं और लोगों की सेवा पूरी ईमानदारी, निष्ठा तथा समर्पण भाव से करना चाहते हैं। इस अवसर पर उपायुक्त डा. सोना थिंद, जिला पुलिस प्रमुख शुभम अग्रवाल, अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य) अमरबीर कौर भुल्लर, एसडीएम करुण गुप्ता, प्रधान सुनील कुमार जैन सहित अन्य पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित थे।
मेष: दिन शुभ रहेगा...