Site icon Dainik Savera Times

धनतेरस पर बाजार में बढ़ेगी रौनक! सोने-चांदी के नियंत्रित दाम कारोबारियों के लिए लेकर आए नई किरण

लुधियाना: त्योहारों की रौनक के बीच सोने-चांदी के नियंत्रित दाम ज्वेलरी बाजार के लिए उम्मीद की नई किरण लेकर आए हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार कीमतों में तेजी कम रहने और हाल के महीनों में आई गिरावट से ज्वेलर्स को फेस्टिव सीजन में बेहतर कारोबार की आस है। बाजार में ग्राहकों की इंक्वायरी बढ़ने लगी है और कारोबारियों को उम्मीद है कि इसका सकारात्मक असर धनतेरस की खरीदारी पर भी दिखाई देगा।

लाइटवेट ज्वेलरी के बढ़ते ट्रेंड के साथ चांदी के उपहार और सजावटी उत्पाद भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक सोने-चांदी की ऊंची कीमतों के कारण पिछले कुछ समय से खरीदारी को लेकर असमंजस में रहे ग्राहकों को अब राहत मिली है।

कीमतों में आई गिरावट से खरीदारी का बजट बनाने में आसानी हो रही है। ऐसे में त्योहारों पर गहने खरीदने के इच्छुक ग्राहक बाजार का रुख कर सकते हैं। ज्वेलर्स भी ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए नए डिजाइन और हल्के वजन के आभूषण उपलब्ध कराने की तैयारी में हैं।

पिछले तीन महीनों के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। कारोबारियों की ओर से दिए गए आंकड़ों के मुताबिक करीब तीन महीने पहले 24 कैरेट सोने की कीमत 10 ग्राम के लिए लगभग 1.61 लाख रुपये थी, जो अब घटकर करीब 1.44 लाख रुपये रह गई है। इस तरह सोने के दाम में लगभग 17 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई है।

इसी अवधि में चांदी की कीमत भी करीब 2.60 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर लगभग 2 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक आ गई है। यानी चांदी के भाव में करीब 60 हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट आई है। कीमतों में इस बदलाव से उन ग्राहकों को खरीदारी का अवसर मिल सकता है, जो लंबे समय से बाजार में दाम कम होने का इंतजार कर रहे थे।

लुधियाना ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रधान आनंद सिकरी ने कहा कि सोने-चांदी की कीमतों में स्थिरता और गिरावट ने ग्राहकों को खरीदारी का अच्छा अवसर दिया है। सोने की कीमतों में लंबे समय तक गिरावट बने रहना सामान्य नहीं है और मौजूदा भाव अपने उच्चतम स्तर से नीचे हैं। ऐसे में इस फेस्टिव सीजन में बेहतर कारोबार की उम्मीद है। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए बाजार में आकर्षक डिजाइन वाली लाइटवेट ज्वेलरी उपलब्ध कराई जाएगी।

वहीं वर्मा ज्वेलर्स के अंकुश वर्मा के मुताबिक, इस साल पिछले वर्षों की तुलना में बिक्री बेहतर रहने की उम्मीद है। कीमतें नियंत्रित रहने से त्योहारों पर टली हुई खरीदारी की रफ्तार बढ़ सकती है। लाइटवेट ज्वेलरी के साथ चांदी के उपहार भी ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगे। त्योहारों की खरीदारी, धनतेरस और शुभ अवसरों पर गहने लेने की परंपरा के बीच सोने-चांदी के घटे हुए दाम बाजार को गति दे सकते हैं।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

Exit mobile version