Site icon Dainik Savera Times

पंचायत सदस्य का रास्ता रोककर लोहे के छोटे कापे से किया हमला, पुरानी रंजिश बनी विवाद की वजह

मोगा: थाना बधनी कलां के अंतर्गत आने वाले गांव राउके कलां में पुरानी रंजिश के चलते एक पंचायत सदस्य पर लोहे के छोटे कापे से हमला कर उसे घायल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घायल पंचायत सदस्य गुरचरण सिंह के बयानों के आधार पर गांव के ही एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी है।

पुलिस को दिए बयान में गुरचरण सिंह पुत्र हरी सिंह निवासी गांव राउके कलां ने बताया कि वह गांव का पंचायत सदस्य है। वह अपने भतीजे सतनाम सिंह पुत्र आत्मा सिंह के साथ गांव में बनी वेरका डेयरी से दूध लेकर वापस अपने घर लौट रहा था, जब वे गांव में स्थित बोहड़ वाले स्थान के पास पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद अवतार सिंह उर्फ रिंटू पुत्र महिंदर सिंह निवासी गांव राउके कलां ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि अवतार सिंह ने अपने पास मौजूद लोहे के छोटे कापे से गुरचरण सिंह पर हमला कर दिया, जिससे उसके शरीर पर चोटें आईं। घटना के बाद घायल ने पुलिस के पास पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।

गुरचरण सिंह ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश को वजह बताया। उसके अनुसार करीब पांच महीने पहले अवतार सिंह ने गांव की शामलात जमीन में अपने पशुओं के लिए मक्की की फसल बो दी थी। इस पर गांव की पंचायत ने आपत्ति जताई थी। उस समय गुरचरण सिंह भी पंचायत सदस्य होने के नाते पंचायत के साथ खड़ा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी बात की रंजिश रखते हुए अवतार सिंह ने उस पर हमला किया।

पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी अवतार सिंह उर्फ रिंटू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1) और 115 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

📍 Location: बधनी कलां

Exit mobile version