जगराओं: पैट्रोल डालकर जिंदा जला दिए गए बेटे को इंसाफ दिलाने के लिए दो दिन से आग बरसाती गर्मी में धरने पर बैठे परिजनों ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बुधवार धरना खत्म कर दिया। परिजनों ने मृतक मनप्रीत की मौत के 6वें दिन बुधवार की देर शाम को रायकोट रोड पर बने श्मशानघाट में उसका संस्कार कर दिया। इस दौरान हजारों नम आंखों के साथ मनप्रीत को अंतिम विदाई देते हुए परिजनों की एक ही मांग थी कि आरोपियों को फांसी की सजा मिले या फिर जैसे उनके बेटे को आग के हवाले कर तड़पा-तड़पा कर मारा है उसे भी तड़पा-तड़पा कर मारा जाए।
वहीं श्मशानघाट में मनप्रीत का शव देख हर किसी की आंखें नम थी। दो दिनों से अड्डा रायकोट के बीचो-बीच तंबू गाड़ कर धरने पर बैठे लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए पार्षद और शहीद भगत सिंह क्लब के प्रधान रविंदर पाल सिंह राजू कामरेड ने भी अपनी सामाजिक जिम्मेवारी पूरी तरह से निभाई। जानकारी के अनुसार पिछले दिनों 4 जून को चुंगी नंबर सात के नजदीक कुछ युवकों ने नशे का विरोध करने वाले मनप्रीत सिंह को घर से बुला कर उस पर पैट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया था।
इस दौरान मनप्रीत 85 प्रतिशत जल चुका था, जिसको परिजनों ने अस्पताल में दाखिल करवाया। इस संबंधी पुलिस ने तीन नाबालिग युवकों समेत कुल आठ आरोपियों पर मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी समेत चार आरोपी फरार चल रहे थे। इस दौरान मनप्रीत जिंदगी की जंग 13 जून की आधी रात को हार गया, जिसको लेकर भड़के परिजनों समेत मोहल्ला निवासियों ने बरनाला-जालंधर हाईवे पर धरना लगाकर ऐलान कर दिया जब तक मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं होता वह संस्कार नहीं करेंगे।
लेकिन पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिया कि वह 15 जून तक आरोपी पकड़ लेंगे, लेकिन परिजनों ने पुलिस को साफ कह दिया था जब आरोपी को पकड़ेंगे तभी संस्कार होगा। लेकिन जब पुलिस ने 17 जून तक भी आरोपी नहीं पकड़े तो परिजनों समेत शहर निवासियों ने फिर से बरनाला हाईवे बंद कर धरना लगा दिया जोकि पुलिस के गले की फांस बन गया। धरने में राजनीतिक व समाज सेवी जत्थेबंदियां भी शामिल हो गई। इस दौरान ऐलान कर दिया गया कि अब धरना भी तभी खत्म होगा, जब आरोपी को पुलिस पकड़ेगी और संस्कार भी तभी होगा, अगर पुलिस ने आरोपी नहीं पकड़े तो आने वाले दिनों में शहर भी बंद होगा।
जिसके बाद बुधवार की दोपहर को पुलिस ने आरोपी को पकड़ने संबंधी परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों ने धरना खत्म कर मनप्रीत का देर शाम को संस्कार किया। बता दें कि पुलिस ने प्रदीप सिंह उर्फ टीटू, विजय कुमार, हर्ष, निखिल, निक्का, काजा, जतिन निवासी रानी वाला खूह नजदीक चुंगी नंबर सात जगराओं व जिम्मी निवासी कबीर नगर, जगराओं इन आरोपियों पर मामला दर्ज किया था, जिसमें मुख्य आरोपी विजय कुमार था।

