
चंडीगढ़: चंडीगढ़ ट्राइसिटी में जहां मंगलवार दोपहर आई तेज बारिश से कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली है, वहीं बारिश के पानी ने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम की ओर से जल निकासी को लेकर किए गए सभी दावों को धो कर रख दिया। दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे शुरू हुई और पौने घंटा जारी रही तेज बारिश से शहर की सड़कों ने तलाब का रूप धारण कर लिया और सड़कों तथा चौराहों पर भरे पानी के कारण वाहनों के पहिये थम गए। थोड़ी बारिश से ही शहर के कई इलाकों का बुरा हाल हो गया, सड़कें जलमग्न हो गई तथा लगभग सभी मुख्य चौराहा पर पानी भर गया। तेज बारिश के कारण जो जहां था वहीं रुक गया और जो जा रहे थे उन्हें सड़कों पर भरे पानी के कारण खासा परेशान होना पड़ा।
खास बात यह है कि अभी मानसून पूरी तरह से सक्रिय नहीं है माना जा रहा है यह समान्य से कम बारिश है, फिर भी कुछ घंटों की बारिश से यह स्थिति रही तो कल्पना की जा सकती है कि मानसून अपने उफान पर होगा तो क्या स्थिति रहेगी। वहीं, बारिश के दौरान यहां मध्य मार्ग सहित चंडीगढ़-दिल्ली उच्च मार्ग पर जीरकपुर से लेकर सैक्टर 39 तक सड़कें नदियों का रूप धारण कर गई और वाहन चालक घंटे जाम में फंसे रहे। जेडडब्लू मेरिएट चौक, लेबर चौक, सैक्टर 20 गुरुद्वारा, ट्रिब्यून चौक, हल्लो माजरा चौक, हाऊसिंग बोर्ड चौक, रेलवे क्रासिंग लाइटें, किशनगढ़ चौक, मटका चौंक, सीटीयू वर्कशाप अंदर पास स्थित शहर के अन्य इलाके पानी में डूबे रहे और वाहनों के जाम लगने के कारण घंटों जाम जैसी स्थिति बनी रही।
सड़कों पर दो दो तीन तीन फुट पानी में डूबे कई वाहनों की रजिस्ट्रेशन प्लेटें भी टूटकर पानी में बह जाने की सूचना है। लेबर चौक पर मरीज को ले जा रही एम्बुलैंस भी जाम में फंस गई और बड़ी मशक्कत से पुलिस की सहायता से रास्ता खुलवा कर आगे भेजा गया। कई अन्य जगह पर जलभराव के कारण इधर-उधर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीटीयू वर्कशॉप इंडस्ट्रियल एरिया के पास अंडर पास में भर गया। चंडीगढ़ पुलिस ने इस रास्ते से ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। भरी बरसात के बीच चंडीगढ़ पुलिस की तरफ से एडवाइजरी भी जारी की गई जिसके अनुसार साक्टर 27/ 28 लाइट प्वाइंट, सैक्टर 36 लाइट प्वाइंट, सैक्टर 20/21 लेबर चौक, किसान भवन चौक और पिकाडली चौक पर लोगों को न आने की सलाह दी ।
बरसात के रुके हुए पानी को निकालने के लिए नगर निगम की टीमें बंद हुई रोड गलियों को खोलने के लिए जुटी रही। नगर निगम प्रशासन की ओर से हर वर्ष मानसून को लेकर बरसात के पानी की निकासी को लेकर बड़े बड़े दावे किए जाते हैं लेकिन कुछ देर की बारिश में चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी शहर की थम जाती है और शहर की सड़कें नदियों का रूप धारण कर लेती हैं तथा अन्य निचले इलाकों में पानी भर जाता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...