Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

1208 आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की भर्ती को बिना जांच के रेगुलर न किया जाए- भाजपा

October 7, 2026

1208 आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों की भर्ती को बिना जांच के रेगुलर न किया जाए- भाजपा

लुधियाना: भारतीय जनता पार्टी लुधियाना के जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने लुधियाना की मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर के निवास के बाहर धरना प्रदर्शन किया। भाजपा ने मांग की कि नगर निगम में आउटसोर्स आधार पर रखे गए 1208 सफाई कर्मचारियों को बिना पूरी जांच-पड़ताल के रेगुलर न किया जाए।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुनील मौदगिल ने कहा कि नगर निगम द्वारा 1208 सफाई कर्मचारियों को आउटसोर्स आधार पर नियुक्त किया गया है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि ये कर्मचारी वास्तव में कहां और किन-किन वार्डों में सफाई का काम कर रहे हैं, इसकी स्पष्ट और पूरी जानकारी नगर निगम के पास भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। उन्होंने मांग की कि सभी 1208 कर्मचारियों का पूरा विवरण, वार्डवार तैनाती, ड्यूटी स्थल और उपस्थिति का रिकॉर्ड सार्वजनिक किया जाए।

सुनील मौदगिल ने कहा कि यह और भी गंभीर विषय है कि सत्ताधारी दल के पार्षदों तक को यह जानकारी नहीं है कि उनके वार्डों में कितने आउटसोर्स सफाई कर्मचारी काम कर रहे हैं। यदि नगर निगम में 1208 सफाई कर्मचारी तैनात हैं, तो शहर की सफाई व्यवस्था में इसका स्पष्ट प्रभाव दिखाई देना चाहिए। कर्मचारियों की वास्तविक संख्या, तैनाती और उनके कामकाज की जांच किए बिना उन्हें रेगुलर करना पूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करता है। भाजपा भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और अपारदर्शिता के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। जब तक नगर निगम 1208 आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं करता और उनकी भर्ती एवं तैनाती की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक भाजपा इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।

धरना प्रदर्शन में भाजपा पार्षद दल की नेता पूनम रतड़ा, उपनेता रोहित सिक्का,पार्षद सुमन वर्मा, रुचि विशाल गुलाटी, पल्लवी विपन विनायक,गौरव जीत गोरा,सुनीता शर्मा,राज शर्मा,जिला महामंत्री हर्ष शर्मा, शीनू चुघ, कैलाश चौधरी,उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह मल्ली,दविंदर जग्गी तथा जिला सचिव विक्की सहोता,कशिश रतड़ा,मोहित सिक्का सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें