Site icon Dainik Savera Times

पठानकोट में सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त, शहरभर में पुलिस की विशेष नाकाबंदी

पठानकोट : पठानकोट शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की सघन चैकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस कर्मी हर आने-जाने वाले वाहन की बारीकी से जांच करते हुए दिखाई दिए। इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।

शहर के व्यस्ततम शाहपुर चौक में थाना डिवीजन नंबर-1 की प्रभारी अमनदीप कौर अपनी पुलिस टीम के साथ मोर्चा संभाले नजर आईं। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई। पुलिस कर्मियों ने वाहनों की डिक्की, पहचान संबंधी दस्तावेज तथा अन्य जरूरी कागजात की भी जांच की। बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट और संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रखी गई। इसी प्रकार पठानकोट बस स्टैंड क्षेत्र में ट्रैफिक इंचार्ज ब्रह्म दत्त शर्मा अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच करते दिखाई दिए।

ट्रैफिक पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के लिए जागरूक भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं टैंक चौंक तथा काठ वाले पुल के समीप सब इंस्पेक्टर परविंदर सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ नाकाबंदी कर प्रत्येक संदिग्ध वाहन की जांच करते दिखाई दिए। इस दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।

पुलिस टीम ने कई वाहनों की गहन तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को अंजाम न दिया जा सके।पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दें। उन्होंने कहा कि जनता और पुलिस के सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

शहर के विभिन्न चौकों पर एक साथ चलाए गए इस व्यापक चेकिंग अभियान से यह स्पष्ट संदेश गया कि पठानकोट पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है, और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को रोकने के लिए हर समय तैयार है। इससे आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास भी मजबूत हुआ है।

Exit mobile version