Site icon Dainik Savera Times

प्रदेश सरकार HKRN कर्मियों को पक्का करे, फिर HKRN को बंद करे : भूपेंद्र सिंह हुड्डा

चंडीगढ़ : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश सरकार HKRN कर्मचारियों को पक्का करे और उसके बाद एचकेआरएन को बंद करे। चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि कि प्रदेश की भाजपा सरकार युवाओं का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि शोषण से बचाने के लिए सरकार इन कर्मचारियों को पक्का करे, उनके पक्के कर्मचारियों वाला पे-स्केल, DA, प्रमोशन, आरक्षण व रिटायरमेंट लाभ दिए जाएं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत हो रही व्यवस्था न सिर्फ शोषणकारी है बल्कि यह असंवैधानिक भी है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि HKRN कर्मचारी न तो बेरोजगार हैं, न तनख्वाहदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के युवाओं को बना दिया दिहाड़ीदार, शिक्षित युवा हैं लाचार, जिनका शोषण हो रहा है बार-बार। उन्होंने कहा कि HKRN के तहत युवाओं को डिप्लॉय कर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद होना चाहिए।

युवाओं को वेजेज (दिहाड़ी) नहीं, सम्मानजनक सैलरी और नियमित सेवा चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने राज्यपाल से समय मांगा है। जब समय मिलेगा तो उन्हें इस संबंध में ज्ञापन सौंपा जाएगा। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, ‘संविधान का अनुच्छेद 16 रोजगार के समान अवसर की गारंटी देता है। फिर एक ही काम के लिए पक्के कर्मचारी को ₹80,000 और HKRN कर्मी को मात्र ₹20,000 क्यों? समान काम के लिए समान वेतन और पक्का अधिकार युवाओं का हक है।

सभी कर्मियों को पक्की नौकरी में समायोजित करके, HKRN व्यवस्था को बंद किया जाना चाहिए और स्वीकृत पदों पर पारदर्शी व नियमित भर्तियां होनी चाहिएं। एक साल के लि डिप्लायमेंट होती है, उसके बाद उन्हें घर भेज दिया जाता है। अभी मुख्य सचिव कार्यालय से 22 कर्मचारियों को हटाया जा चुका है।’

Exit mobile version