Last Updated: November 13, 2026

Dainik Savera Times Logo

एसआईआर पर चुनाव पर्यवेक्षक की सख्ती, बोले-एक भी पात्र वोटर न छूटे

September 9, 2026

एसआईआर पर चुनाव पर्यवेक्षक की सख्ती, बोले-एक भी पात्र वोटर न छूटे

अमृतसर : मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के ई-रोल पर्यवेक्षक मनजीत सिंह बराड़, आईएएस ने मंगलवार को जिला प्रशासनिक परिसर में अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अहम समीक्षा बैठक की। उन्होंने पुनरीक्षण प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।

बैठक में अमृतसर पश्चिम (अनुसूचित जाति), अमृतसर केंद्रीय और अमृतसर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्रों के संबंधित विधायक, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। जिला चुनाव अधिकारी-कम-उपायुक्त दलविंदरजीत सिंह, आईएएस, अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी-कम-अतिरिक्त उपायुक्त पल्लवी मिश्रा, आईएएस और चुनाव तहसीलदार राजिंदर सिंह भी मौजूद रहे।

पर्यवेक्षक ने घर-घर सर्वेक्षण, गणना प्रपत्रों की प्राप्ति, आंकड़ा प्रविष्टि, दावों-आपत्तियों, बूथ स्तर अधिकारियों की कार्यप्रणाली और मतदाता सूचियों के अद्यतन की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बूथ स्तर अधिकारियों के काम की लगातार निगरानी की जाए और पात्र नागरिकों तक पुनरीक्षण प्रक्रिया की जानकारी प्रभावी ढंग से
पहुंचाई जाए।

राजनीतिक दलों ने रखे सवाल-सुझाव :

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने मतदाता पंजीकरण और पुनरीक्षण से संबंधित सवाल, सुझाव और अपनी प्रतिक्रिया रखी। पर्यवेक्षक ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मनजीत सिंह बराड़ ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मकसद मतदाता सूचियों को शुद्ध, पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से आपसी तालमेल के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरी प्रक्रिया संपन्न करने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें