फिल्लौर: इलाके में चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। पंडेरा मोहल्ले में बीती रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाया और ताले तोड़कर घर से नकदी के साथ सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
मकान मालकिन पूनम नय्यर के अनुसार, वह जब घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए थे। अंदर जाने पर सामान बिखरा मिला। इसके बाद उन्होंने घर में रखी अलमारी की जांच की तो उसमें रखी नकदी और कीमती आभूषण गायब मिले।
पूनम नय्यर ने बताया कि चोरी की पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने संबंधित प्रशासन से फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान करने और जल्द कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद आसपास के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि फिल्लौर क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। घरों को निशाना बनाने के अलावा दिन के समय मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं की शिकायतें भी मिल रही हैं।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। फिलहाल चोरी हुए सामान की कीमत और मामले में पुलिस कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

