Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘खेडां वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 को लेकर मोगा में दिखा भारी उत्साह, 3500 से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

September 9, 2026

‘खेडां वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 को लेकर मोगा में दिखा भारी उत्साह, 3500 से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

मोगा: ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ सीजन-4 की शुरुआत के साथ ही जिला मोगा में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, जिले में अब तक 3500 से अधिक खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है, जबकि खिलाड़ियों की सुविधा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बताया कि ब्लॉक स्तरीय खेल मुकाबले 11 से 18 सितंबर तक जिले के विभिन्न स्थानों पर करवाए जाएंगे। इसके बाद जिला स्तरीय मुकाबले 25 सितंबर से शुरू होंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं का पूरा शेड्यूल जिला प्रशासन की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया गया है।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस बार ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ में टेनिस बॉल क्रिकेट को भी शामिल किया गया है। गांवों, गलियों और मोहल्लों में टेनिस बॉल क्रिकेट काफी लोकप्रिय है, जिसे देखते हुए इसे प्रतियोगिताओं का हिस्सा बनाया गया है। इसके अलावा एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, शूटिंग, फुटबॉल, खो-खो और कबड्डी सहित विभिन्न खेलों के मुकाबले करवाए जाएंगे। यह पूरी तरह समावेशी खेल मंच है, जिसमें अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों को भी खेलों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को भी अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

सागर सेतिया ने बताया कि प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को वित्तीय पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ी को 10 हजार रुपये, जबकि द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 7 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए रिफ्रेशमेंट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि मोगा जिला खेलों के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी रहा है और यहां से कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब तथा देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने जिले के युवाओं से अपील की कि वे इस खेल महाकुंभ का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर प्राप्त करें। खेलों में भाग लेने से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ प्रतिस्पर्धा की भावना के तहत अपने खेल स्तर को बेहतर बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने जिला वासियों से अपनी पसंद की खेल विधा में पंजीकरण करवाकर ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ का हिस्सा बनने की अपील की।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें