
पंजाब डेस्क: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही घने कोहरे का असर रेल यातायात पर दिखाई देने लगा है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने चंडीगढ़ से संचालित होने वाली और यहां पहुंचने वाली 8 ट्रेनों को करीब तीन महीने तक रद्द रखने का फैसला लिया है। इस फैसले से अमृतसर, वैष्णो देवी कटरा, फिरोजपुर और डिब्रूगढ़ जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
1 दिसंबर से बंद होगा ट्रेनों का संचालन
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग ट्रेनों का संचालन 1 और 2 दिसंबर 2026 से बंद किया जाएगा। इन ट्रेनों की सेवाएं फरवरी 2027 के अंतिम सप्ताह या मार्च 2027 की शुरुआत तक प्रभावित रहेंगी। रद्द की जाने वाली ट्रेनों में लंबी दूरी और प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।
ये 8 ट्रेनें रहेंगी रद्द
कोहरे के कारण जिन आठ ट्रेनों को अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला लिया गया है, उनकी सूची इस प्रकार है:
ट्रेन नंबर ट्रेन का नाम
14542 अमृतसर-चंडीगढ़
14541 चंडीगढ़-अमृतसर
14504 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-कालका
14503 कालका-श्री माता वैष्णो देवी कटरा
14630 फिरोजपुर-चंडीगढ़
14629 चंडीगढ़-फिरोजपुर
15903 डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस
15904 चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस
कोहरे में ट्रेनों की रफ्तार भी होगी कम
सर्दियों के दौरान कम दृश्यता के कारण रेलवे ने ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, सामान्य परिस्थितियों में 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली ट्रेनों को घने कोहरे के दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से संचालित किया जा सकता है।
रफ्तार कम होने का सीधा असर रेल परिचालन पर पड़ेगा। ऐसे में यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लग सकता है। रेलवे सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मौसम की स्थिति के अनुसार ट्रेनों का संचालन करेगा।
ये भी पढ़ें…
यात्रा से पहले जरूर चेक करें ट्रेन का स्टेटस
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि सर्दियों में सफर की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें। ट्रेन के रद्द होने, समय में बदलाव या देरी से जुड़ी जानकारी के लिए यात्री निम्न माध्यमों का इस्तेमाल कर सकते हैं:
रेलवन (RailOne) आधिकारिक ऐप।
भारतीय रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट।
रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139।
संबंधित रेलवे स्टेशन पर मौजूद पूछताछ काउंटर।