Site icon Dainik Savera Times

दहेज़ न देने और बच्चा न होने पर करते थे परेशान, तंग आकर विवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम

खडूर साहिब: खडूर साहिब में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक विवाहिता ने अपने ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान संजना के रूप में हुई है, जिसे उसके ससुराल वाले बच्चा न होने के कारण लगातार ताने मारते थे। थाना सराय अमानत खां की पुलिस ने मृतका संजना की मां के बयान के आधार पर उसके पति जुगराज सिंह, देवर कुलदीप सिंह और सास बलजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मृतका संजना की मां संतो, जो फिरोजपुर जिले के गांव पीरां वाला की कुनाल कालोनी की निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी संजना का विवाह वर्ष 2023 में तरनतारन जिले के गांव हवेलियां के रहने वाले जुगराज सिंह के साथ किया था। उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार ससुराल वालों को दहेज भी दिया था, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही जुगराज सिंह संजना को मायके से और दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

इसके अलावा, संजना को बच्चा न होने के कारण भी मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उसे लगातार यह कहकर ताने दिए जाते थे कि वह बांझ है और शादी को इतना समय बीत जाने के बाद भी वह मां नहीं बन सकी। संतो ने आरोप लगाया कि संजना के पति जुगराज सिंह, देवर कुलदीप सिंह और सास बलजीत कौर ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से बहुत परेशान किया था।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह लगभग आठ बजे संजना और उसके पति जुगराज सिंह एक बार फिर विवाद हुआ। इसके बाद संजना ने अपने कमरे को अंदर से बंद कर लिया और दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे उसकी मौत हो गई। थाना सराय अमानत खां के प्रभारी अमरीक सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और संजना की मां संतो के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपी पति जुगराज सिंह, देवर कुलदीप सिंह और सास बलजीत कौर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

ये भी पढ़ें- BSEB 12th Result 2026: आज जारी होगा बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट; जानें कैसे करें चेक

Exit mobile version