जालंधर: फगवाड़ा बस स्टैंड से तड़के एक चोर निजी बस को भगाकर ले गया। चोरी के दौरान आरोपी ने बस लेकर भागते समय स्टैंड पर खड़ी अन्य बसों को भी टक्कर मारकर नुकसान पहुंचाया। चोरी का पता सुबह कंडक्टर को बस स्टैंड आने के दौरान चला, जिसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी। घटना के बाद पुलिस ने बस की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पीड़ित बस मालिक मिंटू और कंडक्टर पवन कुमार ने बताया कि पीले रंग की गुरु हरगोबिंद नाम की बस (PB 10 DH 5157) को कंडक्टर ने रात करीब 8:30 बजे लॉक किया और घर चला गया था। तड़के करीब 4 से 4:15 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति बस को लेकर फरार हो गया। घटना का पता सुबह करीब 4:40 बजे चला, जब कंडक्टर बस स्टैंड पहुंचा। वहां मौजूद अन्य बस चालकों ने उसे बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति उनकी बस का शीशा तोड़कर तेजी से एक बस लेकर फरार हुआ है। इसके बाद कंडक्टर ने जब बस के ड्राइवर से संपर्क किया तो पता चला कि ड्राइवर घर पर ही था। इससे बस चोरी होने की पुष्टि हुई।
बताया जा रहा है कि एक अन्य बस के चालक ने आरोपी को बस ले जाते हुए देख लिया और उसे रोकने के लिए नंगे पैर ही उसके पीछे दौड़ लगा दी। हालांकि आरोपी ने बस की रफ्तार बढ़ा दी और रास्ते में एक अन्य बस को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गया। पीड़ितों ने तुरंत पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई और बस की तस्वीरें भी पुलिस को उपलब्ध करवाई हैं। पुलिस फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। बस मालिक और कंडक्टर ने आशंका जताई कि चोरी की गई बस का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक वारदात में किया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से जल्द बस बरामद करने की मांग की है।

