पंजाबः लुधियाना शहर में आए दिन चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत और चिंता का माहौल है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें कानून का कोई डर नहीं दिखाई देता। हालांकि, लुधियाना पुलिस प्रशासन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
ताजा मामला लुधियाना के डुगरी इलाके से सामने आया है। जानकारी के अनुसार, बीते दिन शाम के समय एक मोटरसाइकिल सवार चोर ने एक बंद पड़े घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 10 हजार रुपये की नकदी और एक गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गया।
घटना के समय घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। जब परिवार के लोग वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और सामान गायब था। इसके बाद उन्होंने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें पूरी वारदात कैद हो गई।
CCTV फुटेज में चोर गैस सिलेंडर को मोटरसाइकिल पर ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। हैरानी की बात यह है कि उसकी मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। पीड़ित परिवार ने CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर साझा कर लोगों से चोर की पहचान कराने की अपील की है। इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है।
📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)

