Site icon Dainik Savera Times

राजपुरा-कालका रोड पर में गैस कटर से ATM काटकर रुपए वाला बक्सा ले उड़े चोर

राजपुरा: राजपुरा-कालका रोड पर मंगलवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब लुटेरों ने एक्सिस बैंक के एटीएम को अपना निशाना बनाया। शातिर लुटेरों ने बड़ी ही सफाई से गैस कटर का इस्तेमाल कर मशीन को काटा और उसमें मौजूद नकदी लेकर फरार हो गए। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार लुटेरे लाखों की नकदी ले उड़े। बैंक के कर्मचारी ऑफिशियल स्टेटमेंट देने से बच रहे हैं। यह पूरी वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना तड़के 4.41 से 4.49 बजे के बीच की है। चश्मदीदों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, एक सफेद रंग की कार एटीएम के बाहर आकर रुकी। कार से निकले लुटेरे अत्याधुनिक गैस कटर से लैस थे। उन्होंने पहले एटीएम कैबिन में प्रवेश किया और फिर मशीन के उस हिस्से को काट दिया जहां कैश रखा होता है। लुटेरों ने इतनी निडरता से वारदात को अंजाम दिया कि पुलिस गश्त की भी उन्हें कोई परवाह नहीं थी। लुटेरे गगन चौक की तरफ फरार हो गए।

पूरी वारदात को मात्र 7 मिनट में अंजाम दिया गया, जिससे साफ है कि लुटेरे पहले भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। सूत्रों के अनुसार राशि 2 से 3 लाख के बीच हो सकती है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी शेष है। हैरानी की बात यह है कि वारदात से महज 6 घंटे पहले ही डीजीपी (क्राइम) ने इलाके में नाकाबंदी और थाने का निरीक्षण किया था। आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह में कम से कम 4 लोग शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी गुरसेवक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

जांच के लिए विशेष फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जिन्होंने मौके से उंगलियों के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी गुरसेवक सिंह ने बताया कि हमने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं जो संदिग्ध रास्तों पर लगे कैमरों को खंगाल रही हैं। जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

Exit mobile version