Site icon Dainik Savera Times

बेटे की दवा लेने गया परिवार, घर में चोरी; सोना-नकदी ले उड़े चोर

Thieves took gold and cash from the house : मोगा। फतेहगढ़ पंजतूर में धर्मकोट रोड स्थित एक घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बना लिया। परिवार बेटे की दवा लेने के लिए बाहर गया था और पीछे से चोर घर में सेंध लगाकर करीब 7-8 ग्राम सोने के आभूषण और 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में कुलदीप सिंह उर्फ लाटी पुत्र रशपाल सिंह निवासी धर्मकोट रोड, फतेहगढ़ पंजतूर ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ बेटे की दवा लेने के लिए घर से बाहर गए थे। कुछ समय बाद जब दोनों वापस घर पहुंचे तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्ति पीछे से घर में दाखिल हुए और करीब 7-8 ग्राम सोने के आभूषण तथा 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। घटना का पता चलते ही परिवार ने इसकी सूचना थाना फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर सहायक थानेदार जसविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जांच अधिकारी सहायक थानेदार जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों तथा उपलब्ध सुरागों की भी जांच कर रही है। फिलहाल चोरी की इस वारदात से इलाके के लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version