Site icon Dainik Savera Times

12 किलो हेरोइन सहित तीन गिरफ्तार, बिना नंबर की कार बरामद

Three Arrested With 12 Kg Heroin : मोगा। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मोगा पुलिस ने अजीतवाल की दाना मंडी से 12 किलोग्राम हेरोइन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से बिना नंबर की स्विफ्ट कार भी बरामद की। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में दो फाजिल्का जिले के रहने वाले हैं, जबकि तीसरा आरोपी मोगा जिले से संबंधित है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना अजीतवाल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपीडी अजय राज ने बताया कि सीआईए स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर दलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/09/413409.mp4

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अजीतवाल की दाना मंडी में एक बिना नंबर की स्विफ्ट कार खड़ी है, जिसमें भारी मात्रा में नशीला पदार्थ मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर संदिग्ध कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 12 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने नशीले पदार्थ और कार को कब्जे में लेते हुए मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/09/413410.mp4

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोलब सिंह और बलजिंदर सिंह निवासी फाजिल्का तथा मनप्रीत सिंह निवासी गांव बोडे, थाना बधनी कलां, जिला मोगा के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार फाजिल्का निवासी दोनों आरोपी मोगा के गांव बोडे निवासी मनप्रीत सिंह को हेरोइन की सप्लाई देने के लिए अजीतवाल पहुंचे थे। पुलिस को आशंका है कि बरामद की गई हेरोइन की सप्लाई सीमा पार से तस्करी के नेटवर्क के जरिए पहुंची हो सकती है।

इस संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है और पूछताछ के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपियों से हेरोइन की सप्लाई, इसके स्रोत, नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तथा नशे की खेप को आगे कहां पहुंचाया जाना था, इस संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस को पूछताछ के दौरान इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।

Exit mobile version