Three Killed in Crash : मोगा। गांव मल्लके में रविवार रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मकान की दीवार से टकरा गई। हादसे में 8 वर्षीय बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। घायलों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की स्थिति की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि पांच लोगों को लेकर जा रही कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में माड़ी मुस्तफा निवासी कुलदीप सिंह, जिला फरीदकोट के गांव कौणी निवासी वकील सिंह और 8 वर्षीय गुरकीरत सिंह की मौत हो गई। वहीं अमृतपाल सिंह और आकाशदीप सिंह घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल, फरीदकोट में भर्ती करवाया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में कुल पांच लोग सवार थे और वे गांव मल्लके में एक समारोह से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे बने मकान की दीवार से जा टकराई। हादसे के बाद कार चालक के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। घटना के बाद चालक लड़खड़ाते हुए कार से बाहर निकला और जमीन पर गिर पड़ा। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
थाना समालसर के थाना प्रभारी इकबाल सिंह ने फोन पर बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हादसे के कारणों और चालक की स्थिति संबंधी तथ्यों की जांच की जा रही है। दूसरी ओर, हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। घटना को लेकर सामने आई रिपोर्टों के मुताबिक हादसा मोगा और फरीदकोट जिलों की सीमा के नजदीक हुआ। इस कारण घटनास्थल के अधिकार क्षेत्र को लेकर भी पुलिस स्तर पर स्थिति स्पष्ट करने में समय लगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...