Site icon Dainik Savera Times

मोगा डबल मर्डर केस में तीन मुख्य आरोपियों ने अदालत में किया सरेंडर

मोगा: मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में 25 अक्टूबर की शाम हुए सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में आज एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। इस मामले में तीन आरोपियों ने मोगा की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। सरेंडर करने वाले आरोपियों की पहचान अरुण कुमार, शमंप्रीत और हरदीप सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये तीनों इस हत्याकांड के मुख्य आरोपियों में शामिल हैं। तीनों आरोपियों की ओर से एडवोकेट गुरमेल सिंह भुल्लर अदालत में पेश हुए और उनके माध्यम से आरोपियों ने सरेंडर किया।

गौरतलब है कि 25 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 7:15 से 7:30 बजे अंगदपुरा मोहल्ले में उस समय दहशत फैल गई थी, जब काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए हमलावरों ने घर के बाहर खड़े युवकों पर अंधाधुंध गोलियां चला दी थीं। इस ताबड़तोड़ फायरिंग में दो चचेरे भाइयों की गोली लगने से मौत हो गई थी, जबकि घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया था। वारदात के बाद से ही पुलिस इस मामले में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

आज तीनों आरोपियों के अदालत में पेश होकर सरेंडर करने के बाद मोगा पुलिस ने उनसे गहन पूछताछ करने के लिए अदालत से 14 दिन के पुलिस रिमांड की मांग की। हालांकि, अदालत ने पुलिस की मांग पर चार दिन का रिमांड मंजूर किया। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों, हमले के कारणों, अन्य सहयोगियों और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं को लेकर पूछताछ कर सकती है।

वहीं, आरोपियों के वकील एडवोकेट गुरमेल सिंह भुल्लर ने अदालत में आरोपियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा 14 दिन के रिमांड की मांग किए जाने पर बचाव पक्ष ने अदालत के सामने यह आशंका रखी कि आरोपियों का पुलिस एनकाउंटर हो सकता है। इसी के मद्देनजर उन्होंने अदालत से मांग की कि यदि पुलिस पूछताछ के लिए आरोपियों को किसी अन्य स्थान पर लेकर जाती है तो उनके पैरों में बेड़ियां लगाकर ले जाया जाए तथा जिस स्थान पर भी उन्हें ले जाया जाए, वहां की पूरी वीडियोग्राफी करवाई जाए।

वकील गुरमेल सिंह भुल्लर के अनुसार, इस संबंध में अदालत में बाकायदा एक याचिका भी दायर की गई है, ताकि आरोपियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और पूछताछ की प्रक्रिया पर निगरानी बनी रहे।

📍 Location: मोगा

Exit mobile version