कुरुक्षेत्र: मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि प्रदेश के वातावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत 1 करोड़ 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए श्री वैश्य अग्रवाल समाज अहम भूमिका अदा कर सकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह रविवार रात्रि रेलवे रोड पर स्थित अग्रवाल धर्मशाला में श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत की तरफ से आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह, सांसद नवीन जिंदल, राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत की तरफ से सेक्टर 8 में बनने वाले वातानुकूलित अग्रसेन भवन का शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह, सांसद नवीन जिंदल व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कुल 31 लाख रुपए की अनुदान राशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत करनाल में एक साथ 20 हजार और कुरुक्षेत्र में 5 हजार पौधे लगाए गए। प्रत्येक नागरिक को एक-एक पौधा लगाना चाहिए और पौधों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
वातावरण को स्वच्छ बनाने के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 1.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य : नायब सिंह

