Site icon Dainik Savera Times

व्यापारियों की लंबित शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए: अनिल ठाकुर

लुधियाना: पंजाब राज्य व्यापारी आयोग के उपाध्यक्ष अनिल ठाकुर ने अधिकारियों को व्यापारियों और उद्योग जगत से जुड़ी लंबित शिकायतों का निर्धारित समय में निपटारा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह बात लुधियाना के बचत भवन में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक के दौरान कही।

बैठक में PSTC पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की विभागवार स्थिति की समीक्षा की गई। अनिल ठाकुर ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी मामले में तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से देरी हो रही है तो संबंधित विभाग को उसका समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार व्यापारियों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है। आयोग के अनुसार, पिछले एक वर्ष के दौरान व्यापारियों के साथ हुई बैठकों और संवाद के माध्यम से करीब 7 हजार शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें लगभग 6 हजार मामलों का समाधान किया जा चुका है।

अनिल ठाकुर ने कहा कि व्यापार और उद्योग से जुड़े लोगों की समस्याओं का तेजी से समाधान होने से सरकार और व्यापारिक वर्ग के बीच विश्वास मजबूत होगा। साथ ही इससे पंजाब में निवेश और कारोबार के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करने में भी मदद मिलेगी।

अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य) शिखा भगत ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनके सामने आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में अधिकारियों को शिकायतों की नियमित निगरानी करने और संबंधित मामलों को तय समयसीमा के भीतर निपटाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

Exit mobile version